धार। राजधानी भोपाल में आदिवासी छात्रों के साथ पुलिस द्वारा कथित अभद्रता और समाज के पारंपरिक अभिवादन ‘जोहार’ के अपमान का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में धार जिले में अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) ने कड़ा एतराज जताते हुए दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
बुधवार को अजाक्स के जिला अध्यक्ष सीताराम सोनार्थी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों और समाजजनों ने धार कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी के साथ विरोध दर्ज कराया। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल मंगूभाई पटेल के नाम अपर कलेक्टर कार्यालय में नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान महेंद्र सिंह निगवाल, डॉ. गिरिराज भूरा, मुन्नालाल गिरवाल और बीएस बघेल सहित संगठन के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 13 अक्टूबर को भोपाल में गोंडवाना छात्र संघ मध्यप्रदेश द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर रैली और धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्रों को हिरासत में लिया। आरोप है कि वाहन में बैठाए गए छात्रों के साथ पुलिस निरीक्षक रतन सिंह परिहार और अन्य पुलिसकर्मियों ने अभद्र व्यवहार किया, अशोभनीय गालियां दीं और ‘जोहार’ शब्द का अपमान किया।
सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर पुलिस विभाग ने निरीक्षक रतन सिंह परिहार को निलंबित कर दिया था। हालांकि, अजाक्स का कहना है कि केवल निलंबन पर्याप्त नहीं है। संगठन ने मामले में संलिप्त अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई, सभी दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने और उन्हें शासकीय सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है।
कार्रवाई न होने की स्थिति में संगठन द्वारा आंदोलन को और तेज करने के संकेत दिए गए हैं, जिससे आने वाले दिनों में यह मामला प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर और अधिक गरमा सकता है।
