Headlines

मांडू में चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई : मृतिका को प्रताड़ित करने वाले पति समेत ससुराल के 3 सदस्यों पर मुकदमा दर्ज

धार। पर्यटन नगरी मांडव के ग्राम जामनिया में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों के कड़े विरोध और छह दिनों की गहन मर्ग जांच के बाद पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई के दिए गए भरोसे के बाद, मांडव थाना पुलिस ने इसे आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला पाते हुए मृतिका के पति समेत ससुराल पक्ष के तीन सदस्यों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।

यह घटना ग्राम जामनिया (मांडव) में 23 अक्टूबर की दोपहर करीब 2:00 बजे घटी, जब मृतिका सोनिया (सोनाली) ने अपने घर पर आत्मघाती कदम उठाया। इसके बाद एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में मांडव पुलिस ने गुरुवार, 29 अक्टूबर की शाम 4:01 बजे मृतिका के पति चंदन पिता मोहन कटारे, सास सुमनबाई और देवरानी राधिका के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 3(5) के तहत आधिकारिक कायमी की है।

गौरतलब है कि मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने मांडू के मुख्य चौराहे पर शव रखकर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया था। परिजनों ने आरोपी चंदन सहित अन्य जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग करते हुए कार्रवाई होने तक अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया था। स्थिति को देखते हुए एसडीएम राजकुमार हलदार, नायब तहसीलदार आशीष राठौर, राहुल गायकवाड़ और थाना प्रभारी इंदर सिंह रावत सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को पांच दिन के भीतर वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया था।

इसके बाद मांडव पुलिस ने मर्ग क्रमांक 12/2026 के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 में जांच आगे बढ़ाई। गवाहों के बयानों, घटनास्थल के निरीक्षण और दस्तावेजी साक्ष्यों के सूक्ष्म परीक्षण में यह सामने आया कि ससुराल पक्ष के आचरण और प्रताड़ना से तंग आकर ही मृतिका को यह कदम उठाना पड़ा था। मांडव पुलिस अब नामजद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक भौतिक साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर न्यायालय में चालान पेश करने की तैयारी में है। पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से क्षेत्र में वैवाहिक कलह और प्रताड़ना के मामलों में कड़ा संदेश जाने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *