Headlines

धार में जल्द दौड़ेगी ट्रेन : टीही से धार तक 44 किमी ट्रैक का सीआरएस निरीक्षण पूरा, 120 किमी/घंटे की रफ्तार से हुआ स्पीड ट्रायल

कुछ तकनीकी सुधारों के बाद रेलवे बोर्ड को जल्द भेजी जाएगी रिपोर्ट

धार। इंदौर-दाहोद रेल परियोजना के तहत टीही-पीथमपुर से धार के बीच 44 किलोमीटर लंबे नए रेलखंड पर यात्री ट्रेनों के संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। दो दिवसीय गहन तकनीकी परीक्षण के बाद शुक्रवार को जब ट्रैक पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से इंजन दौड़ा, तो क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित रेल सेवा की उम्मीदों को नई गति मिल गई।

​रेल संरक्षा आयुक्त (पश्चिम रेलवे परिमंडल) श्रीनिवास के नेतृत्व में शुक्रवार को धार के नौगांव स्थित रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में इस दो दिवसीय हाई-लेवल निरीक्षण का समापन हुआ। निरीक्षण के दौरान सीआरएस ने रेलवे ट्रॉली से 44 किमी लंबे पूरे ट्रैक, विद्युतीकरण, सिग्नल सिस्टम, आधुनिक कम्युनिकेशन और स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। इसके उपरांत ट्रैक की क्षमता जांचने के लिए 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल किया गया।

​तकनीकी विशेषताओं की जानकारी देते हुए सीआरएस श्रीनिवास ने बताया कि पीथमपुर को जोड़ने वाली विशेष टनल में अत्याधुनिक वेंटिलेशन सिस्टम, आधुनिक ट्रैक स्ट्रक्चर और आपातकालीन संचार के लिए डीकी (DK) केबल की व्यवस्था की गई है। निरीक्षण के दौरान कुछ छोटी तकनीकी खामियां भी सामने आईं—जैसे कुछ पुलों पर जल निकासी का काम और एक-दो स्थानों पर पुलों की बेयरिंग का रिप्लेसमेंट बाकी है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि नई लाइन होने के कारण लोग ट्रैक पार कर रहे हैं, ऐसे में ट्रेन संचालन शुरू होने पर स्थानीय नागरिकों को विशेष सावधानी बरतनी होगी।

​कुछ जरूरी तकनीकी सुधारों के बाद इसकी अंतिम रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को सौंपी जाएगी। हरी झंडी मिलते ही पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र और धार जिला सीधे मुख्य रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगे, जिससे क्षेत्र के यात्रियों और स्थानीय कारोबार को बड़ा लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *