Headlines

‘बैलगाड़ी धीरे चलाने’ की नसीहत देने पर सरपंच और साथियों ने लोहे के पाइप व डंडों से फोड़ा सिर, धरमपुरी थाने में केस दर्ज

धार। गांव की संकरी गली में अंधाधुंध बैलगाड़ी दौड़ा रहे सरपंच को टोकना एक ग्रामीण को लहूलुहान कर गया। धरमपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम उटावद में सोमवार शाम बैलगाड़ी धीरे चलाने की मामूली बात पर अहिरवास के सरपंच और उसके साथियों ने उटावद नहर के पास एक युवक की घेराबंदी कर उस पर लोहे के पाइप और लाठियों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथी को भी बेरहमी से पीटा गया। पुलिस ने अहिरवास सरपंच सहित चार लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न संगीन धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

शाम 7 बजे की रंजिश, नहर पर जानलेवा हमला

ग्राम उटावद निवासी 32 वर्षीय पिंटू पिता चैनसिंग बुंदेला सोमवार शाम करीब 7 बजे गांव में मौजूद था। इसी दौरान अहिरवास का सरपंच सुरेश अपने तीन अन्य साथियों के साथ गांव की सड़क पर तेजी से बैलों को हांकते हुए बैलगाड़ी निकाल रहा था।

सड़क पर लोगों की आवाजाही को देखते हुए पिंटू ने टोका— “गांव की बस्ती है, बैलगाड़ी आराम से निकालो, बैलों को यूं मत दौड़ाओ।”

उस वक्त तो सरपंच और उसके साथी वहां से आगे बढ़ गए, लेकिन दिल में रंजिश पाल ली। कुछ ही देर बाद जब पिंटू अपने घर की ओर लौट रहा था, तभी उटावद नहर के पास अचानक सुरेश सरपंच और उसके तीन साथी हथियारों से लैस होकर सामने आ धमके।

गालीगलौच कर लोहे के पाइप से वार

नहर के सुनसान रास्ते पर आरोपियों ने पिंटू का रास्ता रोक लिया और मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर सुरेश सरपंच और उसके गुर्गों ने हमला बोल दिया। लोहे के भारी पाइप से सीधे सिर पर वार किया गया, जिससे वह लहुलूहान हो गया। इसके बाद डंडों से सीधे पैर और कमर पर ताबड़तोड़ चोटें पहुंचाई गईं। चीख-पुकार सुनकर जब गांव का राहुल पिता मांगीलाल गोयल बीच-बचाव करने दौड़ा, तो हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा। राहुल के बाएं गाल, दाहिने हाथ के पंजे और अंगूठे पर लाठियों से गंभीर चोटें मारी गईं वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घायल अवस्था में पीड़ित धरमपुरी थाने पहुंचे, जहां रात 10:07 बजे पुलिस ने पीड़ित पिंटू बुंदेला की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी सुरेश सरपंच (निवासी अहिरवास) एवं उसके तीन अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबं​धित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। धरमपुरी पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया है और नामजद आरोपी सरपंच व उसके फरार साथियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *