Headlines

धार में हरियाली का महाअभियान: 27 स्थलों पर लगेंगे 3.55 लाख पौधे

धार। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में धार जिला एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। आगामी वर्षाकाल में व्यापक वृक्षारोपण अभियान के तहत लाखों पौधे रोपकर जिले को हरित बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

धार जिले में वर्ष 2026-27 के दौरान बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। वन मण्डल धार द्वारा 27 चिन्हित स्थलों पर 835.178 हेक्टेयर क्षेत्र में कुल 3,55,803 पौधों का रोपण किया जाएगा।

वन मण्डल अधिकारी धार, विजयानंथम टी. आर. ने बताया कि यह अभियान धार, धामनोद, मांडव, सरदारपुर, टाण्डा, बाग एवं कुक्षी परिक्षेत्रों में संचालित होगा। इस दौरान स्थानीय जलवायु और जैव-विविधता को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे।

विविध प्रजातियों का रोपण

अभियान में सागौन, खमेर, चिरोल, नीम, आंवला, खैर, शीशू, अमलताश, महारूख, जंगलजलेबी, अर्जुन, जामुन, इमली, सीताफल, सिरस, साजा, कुसुम, कचनार, अमरूद, बांस, महुआ, बहेड़ा, शीशम और कस्टार सहित कई प्रजातियां शामिल हैं।

मजबूत तैयारी और जल संरक्षण पर फोकस

जुलाई 2026 से शुरू होने वाले इस अभियान के लिए विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पौधों की बेहतर उत्तरजीविता सुनिश्चित करने के लिए फेंसिंग, पशु अवरोधक खंतियां और समय पर गड्ढों की खुदाई की गई है।

जल संरक्षण के तहत कंटूर ट्रेंच, सतत कंटूर ट्रेंच और बोल्डर चेकडेम जैसी संरचनाएं बनाई गई हैं, जिससे वर्षा जल का संचयन हो सके और पौधों को पर्याप्त नमी मिलती रहे।

वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे इस हरित अभियान में भाग लेकर जिले को पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध बनाने में सहयोग करें। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *