Headlines

टोल के पास पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी सहित फरार हुआ आरोपी, मचा हड़कंप

धार। जिले के धामनोद क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक आरोपी पुलिस अभिरक्षा से हथकड़ी सहित फरार हो गया। महाराष्ट्र पुलिस आरोपी को लेकर जा रही थी, तभी टोल प्लाजा के पास मौका पाकर वह भाग निकला।
थाना धामनोद में आरोपी फरीद पिता मंजूर खान (40) निवासी बलगांव, थाना बलकवाड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक नामदेव बोरकर थाना अमलनेर जिला जळगांव (महाराष्ट्र) अपनी टीम के साथ एक प्रकरण में संदेही आरोपी फरीद को पकड़कर अमलनेर ले जा रहे थे। उनके साथ पुलिसकर्मी निलिंद सोनार, विनोद संदानशिव, निलेश मोरे और एक निजी वाहन चालक मौजूद था।
7 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे जब पुलिस टीम खलघाट टोल टैक्स से आगे एबी रोड स्थित राजपुताना होटल के पास पहुंची, तो आरोपी को बाथरूम के लिए वाहन से उतारा गया। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर पुलिस को चकमा दिया और हथकड़ी सहित फरार हो गया।
अचानक हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग शुरू कर दी गई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *