Headlines

धार में लगा एमपी का पहला ICT मेला: शिक्षा में AI और तकनीक का दिखा नया दौर

धार। धार जिले में शिक्षा और तकनीक का अनोखा संगम देखने को मिला, जब डाइट परिसर में मध्य प्रदेश का पहला आईसीटी मेला आयोजित हुआ। मेले में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एआई और डिजिटल शिक्षा के जरिए बदलते भविष्य की झलक पेश की।

मुस्कान ड्रीम्स संस्था द्वारा राज्य शिक्षा केंद्र के सहयोग से आयोजित इस मेले में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में डाइट प्राचार्य मनोज शुक्ला, प्रशिक्षण प्रभारी कमल ठाकुर सहित कई शिक्षा अधिकारी और विशेषज्ञ मौजूद रहे।

मेले का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उपयोग को बढ़ावा देना था। इस दौरान विद्यार्थियों ने पैनल चर्चा में हिस्सा लेते हुए बताया कि डिजिटल माध्यमों ने उनकी पढ़ाई को आसान और रोचक बना दिया है।

मुख्य अतिथि ने शिक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए घोषणा की कि अगले सत्र में लर्निंग वीडियो सुविधा का विस्तार जिले के 150 और विद्यालयों तक किया जाएगा।

मेले में जिले के सभी 13 विकासखंडों से सहभागिता रही, जहां करीब 80 स्कूलों के 150 से अधिक शिक्षक और चयनित विद्यार्थी शामिल हुए। यह आयोजन जिले में डिजिटल शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *