धार। जिले के बदनावर क्षेत्र में आस्था के केंद्र हनुमान मंदिर को चोरों ने निशाना बना लिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
बदनावर थाना क्षेत्र के ग्राम भैसोला स्थित रणजीत हनुमान मंदिर में 12 अप्रैल की दोपहर करीब 3:30 से 3:40 बजे के बीच चोरी की वारदात सामने आई है। फरियादी राजेश पिता श्यामलाल उपाध्याय (42), निवासी भैसोला ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट के अनुसार, अज्ञात बदमाश मंदिर में घुसकर भगवान हनुमानजी की प्रतिमा पर चढ़े चांदी के आभूषण गोटा, मुकुट और कुण्डल चुराकर फरार हो गया। घटना बेहद कम समय में अंजाम दी गई, जिससे आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और लोगों में आक्रोश देखने को मिला। मंदिर में चोरी की इस घटना को लेकर श्रद्धालुओं की भावनाएं भी आहत हुई हैं।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(3), 305(डी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
