Headlines

धार : घोड़ा चौपाटी पर शटर की चद्दर काटकर दुकान में घुसे

डेढ़ लाख का कॉपर वायर समेटकर फरार, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

धार। शहर के सबसे व्यस्त और चहल-पहल वाले इलाकों में शुमार घोड़ा चौपाटी पर चोरों ने एक बार फिर खाकी की गश्त को खुली चुनौती दे डाली। भोज कॉम्प्लेक्स स्थित एक मोटर-वाइंडिंग की दुकान को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने कटर से शटर की नीचे की चद्दर काटी, रेंगते हुए दुकान में दाखिल हुए और रैक में रखा करीब डेढ़ लाख रुपए का नया व पुराना तांबे का तार बटोरकर रफूचक्कर हो गए।

​सुबह 7 बजे हुआ खुलासा, बिखरा सामान देख उड़े होश

रोजाना की तरह शनिवार सुबह करीब 7 बजे जब आसपास के चाय-नाश्ते और अन्य दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो उनकी नजर वाइंडिंग शॉप के कटे हुए शटर पर पड़ी। लोहे की चद्दर मुड़ी देख लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। स्थानीय व्यापारियों ने तुरंत दुकान संचालक घनश्याम यादव को फोन कर मौके पर बुलाया। जब घनश्याम ने दुकान का ताला खोलकर अंदर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई—दुकान का कीमती नया कॉपर वायर और ग्राहकों की मोटरों से निकला पुराना तांबा पूरी तरह गायब था।

सिर्फ तांबे पर था बदमाशों का फोकस

दुकान के भीतर जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया, उससे अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले से रेकी कर रखी थी। दुकान में भारी मशीनरी और अन्य औजारों को हाथ तक नहीं लगाया गया, चोरों का पूरा ध्यान सिर्फ और सिर्फ आसानी से बिकने वाले महंगे तांबे के तारों पर था। भारी मात्रा में तार ले जाने के लिए बदमाशों ने किसी दोपहिया या लोडिंग वाहन का इस्तेमाल किया होगा।

सीसीटीवी फुटेज तलाश रही पुलिस

शहर के मुख्य चौराहे के पास हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। सूचना मिलते ही नौगांव थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने घनश्याम यादव की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ नकबजनी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब कॉम्प्लेक्स और चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि रात में संदिग्ध रूप से घूमे वाहनों और चेहरों का सुराग लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *