Headlines

सरदारपुर स्टेट हाईवे पर तीन भारी वाहनों की भीषण भिड़ंत

खड़े ट्राले को मारी टक्कर, 30 फीट घिसटा वाहन; क्लीनर की मौत, दो घायल

धार। सड़क किनारे खड़े एक वाहन को क्या पता था कि अंधेरी रात में पीछे से आ रही तेज रफ्तार मौत बनकर टकरा जाएगी। स्टेट हाईवे-35 पर शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात एक के बाद एक तीन भारी वाहनों के आपस में टकराने से ऐसा भीषण मंजर बना कि टक्कर लगते ही खड़ा ट्राला करीब 30 फीट दूर तक घिसटता चला गया। इस दर्दनाक हादसे में जहां एक युवक की जान चली गई, वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक कंटेनर पुलिया के पास खतरनाक स्थिति में लटक गया।

​हादसा सरदारपुर-भैंसोला मार्ग पर मौलाना फाटे के समीप स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात पेश आया। स्टेट हाईवे पर खड़े ट्राले (आरजे 09 जीबी 9665) को सरदारपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर (एमपी 13 एच 9459) ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर से बचने के चक्कर में एक अन्य कंटेनर अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराया। इस तिहरे हादसे में उज्जैन निवासी 25 वर्षीय क्लीनर महेश चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नागदा जंक्शन निवासी चालक लखन राजपूत (39) और आलोट निवासी परिचालक भेरूलाल (39) घायल हो गए।

​टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि तीनों भारी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन अब भी मौके पर ही पड़े हैं और पुलिया के पास लटका कंटेनर लगातार दूसरे राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। यदि इन दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को समय रहते मार्ग से नहीं हटाया गया, तो विशेषकर रात के समय इस व्यस्त हाईवे पर दोबारा बड़ा हादसा होने की गंभीर आशंका बनी रहेगी।

स्थानीय नागरिक भी मार्ग को शीघ्र सुरक्षित करने की मांग कर रहे हैं, जबकि सरदारपुर पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *