Headlines

भीषण गर्मी में “मेंटेनेंस” बना मुसीबत

घोषित कटौती के बाद भी दिनभर आंख-मिचौली करती रही बिजली

धार। भीषण गर्मी के बीच शहरवासियों को राहत देने के लिए सुबह 7 से 11 बजे तक बिजली विभाग ने घोषित कटौती की थी, लेकिन इसके बाद हालात और बिगड़ गए। दोपहर होते-होते शहर के कई इलाकों में बिजली की सप्लाई अनियमित हो गई और दिनभर आंख-मिचौली का दौर चलता रहा।

महात्मा गांधी मार्ग, शनि गली, आनंद चौपाटी और धारेश्वर मार्ग सहित कई क्षेत्रों में बार-बार बिजली जाने और आने से लोग परेशान रहे। स्थिति यह रही कि बिजली आने पर भी वोल्टेज स्थिर नहीं रहा, कभी बहुत कम तो कभी अचानक अधिक, जिससे लोगों में बिजली उपकरण खराब होने का डर बना रहा।

तय समय के बाद भी नहीं मिली राहत

महात्मा गांधी मार्ग और गुप्तेश्वर गली के रहवासियों का कहना है कि निर्धारित कटौती के बाद भी बिजली व्यवस्था सामान्य नहीं हो सकी। दिनभर बिजली का बार-बार जाना-आना जारी रहा, जिससे भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया।

घरेलू कामकाज और व्यवसाय प्रभावित

लगातार बाधित बिजली सप्लाई का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि छोटे व्यवसाय भी प्रभावित हुए। कूलर, पंखे, एसी और फ्रिज जैसे उपकरण ठीक से नहीं चल पाए, जिससे गर्मी से राहत मिलना मुश्किल हो गया।

लो-वोल्टेज ने बढ़ाई चिंता

लोगों ने बताया कि बिजली आने पर भी वोल्टेज का उतार-चढ़ाव बना रहा। इससे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने की आशंका बढ़ गई और कई लोग दिनभर असमंजस में रहे।

शिकायत व्यवस्था भी ठप

बिजली कटौती से परेशान नागरिकों ने जब शिकायत के लिए 1912 नंबर पर संपर्क किया, तो वहां भी निराशा हाथ लगी। कई लोगों ने बताया कि फोन ही नहीं लगा, और जिनकी शिकायत दर्ज हुई, उनका भी समय पर निराकरण नहीं हुआ।

शाम को पूरा बाजार अंधेरे में

स्थिति शाम होते-होते और बिगड़ गई। रात करीब साढ़े सात बजे पूरे बाजार की बिजली अचानक गुल हो गई, जिससे चारों ओर अंधेरा छा गया और व्यापारियों व ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब पौने आठ बजे महात्मा गांधी मार्ग, शनि गली और गुप्तेश्वर गली क्षेत्र की लाइट पूरी तरह से बंद हो गई, जो करीब साढ़े नौ बजे बिजली व्यवस्था सुचारू रूप से शुरू हो सकी। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनि गली में तार टूट गए थे, इस कारण बिजली व्यवस्था सुचारू करने में तकनीकी दिक्कतों का सामान करना पड़ा।

रहवासियों ने बयां किया दर्द

हंसा सोनी (गुप्तेश्वर गली) ने बताया कि घोषित कटौती के बाद भी दिनभर बिजली का आना-जाना लगा रहा। वोल्टेज भी स्थिर नहीं था, जिससे उपकरण खराब होने का डर बना रहा और पेयजल की समस्या भी खड़ी हो गई।

सपना सोलंकी ने कहा कि दोपहर में थोड़ी देर के लिए बिजली आई, फिर चली गई। शिकायत के बाद जब आई तो वोल्टेज में उतार-चढ़ाव बना रहा। गली के एक फेस में समस्या अधिक है, जिससे 8-10 परिवार प्रभावित हो रहे हैं।

अमीषा राठौड़ के अनुसार सुबह से बिजली नहीं होने के कारण पानी की भारी परेशानी हुई। दिनभर बिजली की अनियमित सप्लाई और लो-वोल्टेज ने स्थिति और खराब कर दी।

जिम्मेदारों से संपर्क नहीं

मामले में बिजली विभाग के एई उमाशंकर पाटीदार से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

शहरवासियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि मेंटेनेंस कार्य की स्पष्ट और समयबद्ध जानकारी दी जाए, सप्लाई को स्थिर बनाया जाए और अनावश्यक कटौती से राहत दिलाई जाए, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *