Headlines

धार में दिव्यांगजनों के लिए राहत की पहल: 22 अप्रैल से लगेंगे विशेष शिविर, घर-घर से होगा चिन्हांकन

धार। जिले के दिव्यांगजनों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें प्रमाण-पत्र, इलाज और सहायक उपकरणों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक चौधरी के मार्गदर्शन में 22 अप्रैल से पूरे जिले में विशेष शिविरों की श्रृंखला शुरू होने जा रही है, जहां एक ही स्थान पर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन शिविरों के जरिए न सिर्फ दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाए जाएंगे, बल्कि जरूरतमंदों को निशुल्क सहायक उपकरण और सर्जरी के लिए भी चिन्हित किया जाएगा।

तीन दिन में होगा चिन्हांकन, गांव स्तर तक पहुंचेगी टीम

प्रशासन ने सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि पिछले 3 वर्षों में जिन दिव्यांगजनों को लाभ नहीं मिला है, उनका चिन्हांकन अगले 3 दिनों में किया जाए। इसके लिए सचिव, रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और एएनएम को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर दिव्यांगजनों को शिविर स्थल तक लाने-ले जाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

ये दस्तावेज लाना होगा जरूरी

शिविर में लाभ लेने के लिए हितग्राहियों को यूडीआईडी कार्ड (40% या अधिक दिव्यांगता), आधार कार्ड, आय प्रमाण-पत्र या बीपीएल राशन कार्ड, समग्र आईडी, परिचय पत्र, मोबाइल नंबर और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।

जानिए कब और कहां लगेंगे शिविर

शिविर सुबह 10 बजे से अलग-अलग जनपदों और निकायों में आयोजित होंगे:
22 अप्रैल – सरदारपुर, 23 अप्रैल – बाग, 24 अप्रैल – कुक्षी, 25 अप्रैल – निसरपुर, 27 अप्रैल – डही, 28 अप्रैल – गंधवानी, 29 अप्रैल – मनावर, 30 अप्रैल – उमरबन, 02 मई – धामनोद, 04 मई – धरमपुरी, 05 मई – नालछा, 06 मई – बदनावर, 07 मई – पीथमपुर, 08 मई – धार।

मौके पर ही इलाज और यूडीआईडी कार्ड की सुविधा

शिविरों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी। जरूरत पड़ने पर सर्जरी के लिए चिन्हांकन किया जाएगा और मौके पर ही यूडीआईडी कार्ड भी बनाए जाएंगे। शिविर स्थल पर पेयजल, टेंट और व्हीलचेयर की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रभारी कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई दिव्यांगजन परीक्षण से वंचित रहता है, तो संबंधित जनपद सीईओ और नगर पालिका अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *