धार। अवैध शराब तस्करों के खिलाफ सरदारपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर पुलिस ने एक पिकअप वाहन को रोका, जिसमें भारी मात्रा में अवैध बीयर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से करीब 10 लाख 43 हजार रुपये का मशरूका जब्त कर एक आरोपी को सलाखों के पीछे पहुँचाया है।
फुलगांवडी तिराहे पर बिछाया जाल
मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने 20 अप्रैल की सुबह तड़के 4:25 बजे फुलगांवडी तिराहे पर मोर्चा संभाला। अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की फिराक में खड़ी एक सफेद रंग की महेन्द्रा बोलेरो पिकअप (MP10G3674) को जब पुलिस ने रोककर तलाशी ली, तो अधिकारी भी दंग रह गए।
1320 लीटर बीयर और ‘माउंडस’ का स्टॉक
गाड़ी की बॉडी के भीतर अवैध शराब को बड़ी ही चतुराई से छुपाया गया था। पुलिस ने वाहन से:
- 110 पेटियां: माउंडस 6000 सुपर स्ट्रांग बीयर (कुल 1320 बल्क लीटर)।
- कीमत: अवैध शराब की बाजार मूल्य 3,43,200/- रुपये आंकी गई है।
- वाहन: तस्करी में उपयोग की गई 7 लाख रुपये कीमत की पिकअप भी जब्त की गई है।
पुलिस ने मौके से आरोपी राकेश पिता भेरू मकवाना (22 वर्ष), निवासी ग्राम चंदवाडिया (बदनावर) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह बड़ी खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ खपाया जाना था।
