Headlines

सावधान ! ‘टास्क’ पूरा करते ही खाली हो गया बैंक खाता, धार के युवक से 1.53 लाख की ऑनलाइन ठगी

साइबर ठगों ने ‘मीशो टास्क 14’ ऐप के जरिए बिछाया जाल, कमीशन का लालच देकर 3 दिन में ऐंठे रुपए

धार। अगर आपके पास भी घर बैठे ऑनलाइन टास्क पूरा कर हजारों रुपए कमाने का मैसेज आता है, तो सावधान हो जाइए। शहर के धारेश्वर मार्ग पर रहने वाले एक युवक को ‘कमीशन’ का यही लालच काफी महंगा पड़ गया। अज्ञात साइबर ठगों ने झांसा देकर युवक के खाते से 1 लाख 53 हजार रुपए साफ कर दिए। कोतवाली पुलिस ने ई-साइबर एफआईआर की जांच के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

लालच का जाल: रिचार्ज करो, प्रोडक्ट बेचो और फंसते जाओ

फरियादी वैभव पिता मनोज स्वर्णकार (31) निवासी धारेश्वर मार्ग ने बताया कि यह खेल 15 अप्रैल से शुरू हुआ था। ठगों ने उसे ‘मीशो टास्क 14’ (Miso Task 14) नामक एक ऐप के माध्यम से जोड़ा। वैभव को टास्क दिया गया कि उसे साइट पर ऑनलाइन रिचार्ज करना है और फिर प्रोडक्ट्स को खरीदकर वहीं बेचना है। ठगों ने दावा किया था कि हर सेल पर उसे मोटा कमीशन मिलेगा।

3 दिनों तक चला धोखाधड़ी का ‘सर्कस’

शुरुआत में विश्वास जीतने के लिए ठगों ने कुछ मुनाफा दिखाया, लेकिन धीरे-धीरे वैभव को बड़े रिचार्ज और बड़े टास्क के जाल में फंसा लिया गया। 15 अप्रैल सुबह 11 बजे से लेकर 17 अप्रैल की शाम तक वैभव ने ठगों के बताए अनुसार अलग-अलग किश्तों में कुल 1,53,000 रुपए ट्रांसफर कर दिए। जब रकम वापस निकालने की बारी आई, तो ठगों ने संपर्क तोड़ लिया।

पुलिस ने दर्ज की ई-साइबर FIR

ठगी का अहसास होने पर वैभव ने तुरंत इसकी शिकायत साइबर पोर्टल पर की। पोर्टल से प्राप्त ई-साइबर एफआईआर की प्रारंभिक जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात 10:40 बजे अज्ञात साइबर अपराधी के ​खिलाफ 318(4), 319(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस की सलाह: ठगों से ऐसे बचें

  • अनजान ऐप से बचें: किसी भी ऐसे ऐप (जैसे Miso Task 14) को डाउनलोड न करें जो ‘टास्क’ के बदले पैसे देने का वादा करता हो।
  • पैसे न भेजें: कोई भी असली कंपनी काम देने के बदले आपसे ‘रिचार्ज’ या ‘प्रीमियम’ के नाम पर पैसे नहीं मांगती।
  • तुरंत करें रिपोर्ट: यदि आपके साथ ऐसी घटना होती है, तो तुरंत 1930 डायल करें या साइबर क्राइम की वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *