पत्थरबाज की सनक ने 40 जिंदगियों को संकट में डाला
धार। बाग-राजगढ़ रोड पर बुधवार दोपहर एक सिरफिरे की करतूत बड़ी तबाही का सबब बन गई। बोरी से इंदौर जा रही एक यात्री बस पर अज्ञात युवक ने पत्थर फेंक दिया। पत्थर सीधे सामने का कांच चीरते हुए ड्राइवर की आंख में जा घुसा। पलक झपकते ही ड्राइवर की आंखों के सामने अंधेरा छा गया और 40 सवारियों से भरी बस बेकाबू होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दोपहर 2:15 बजे ‘मौत’ से सामना
बस क्रमांक (MP 11 P 3455) का चालक मनीष निवासी नरवाली, यात्रियों को लेकर इंदौर की ओर जा रहा था। जैसे ही बस भीलखेड़ी के बावड़िया मोड़ पर पहुंची, अचानक सड़क किनारे खड़े एक अज्ञात व्यक्ति ने बस को निशाना बनाकर बड़ा पत्थर दे मारा। पत्थर विंडस्क्रीन को तोड़ते हुए मनीष की आंख में लगा। दर्द से कराहते ड्राइवर ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे गहरी खाई में उतर गई।
मची अफरा-तफरी: 30-40 यात्री घायल
हादसे की खबर लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को निकाला गया। दुर्घटना में ड्राइवर मनीष सहित लगभग 30 से 40 यात्री घायल हुए हैं। गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को डिस्चार्ज किया गया।
सरदारपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात पत्थरबाज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
सड़क पर पत्थरबाज, आखिर कब थमेगी यह गुंडागर्दी?
यह पहली बार नहीं है जब राजगढ़-धार बेल्ट पर चलती गाड़ियों को निशाना बनाया गया हो। एक सनकी की हरकत ने न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, बल्कि दर्जनों निर्दोष यात्रियों की जान दांव पर लगा दी।
