गंधवानी पुलिस की घेराबंदी : पिस्टल के सौदागरों तक पहुंची पुलिस
धार | अवैध हथियारों के खिलाफ धार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘क्लीन स्वीप’ अभियान में गंधवानी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने न केवल एक आरोपी को कट्टे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया, बल्कि उसकी निशानदेही पर हथियारों की सप्लाई चेन से जुड़े दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया है। अब पुलिस इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर ‘धर्मेंद्र’ की तलाश में जुटी है।
तलाशी में निकला 12 बोर का कट्टा
सोमवार को गंधवानी थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना के नेतृत्व में थाने के सामने सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक हथियार लेकर निकलने वाला है। पुलिस ने जब संदिग्ध टीवीएस मोटरसाइकिल को रोका, तो चालक करण पिता मगन डावर (22) निवासी हरणचापड़ा घबराने लगा। जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। करण के पास से 12 बोर का एक देसी कट्टा और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए।

दोस्त ने दिलाया था हथियार
पुलिस की सख्ती के आगे आरोपी करण ज्यादा देर टिक नहीं सका। उसने बताया कि यह हथियार उसने गांव के ही उमेश सोलंकी (23) से लिया था। पुलिस ने तत्काल टीम भेजकर उमेश को उसके घर से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उमेश ने खुलासा किया कि उसने यह कट्टा अपने साथी धर्मेंद्र से खरीदा था। पुलिस अब धर्मेंद्र की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना, उपनिरीक्षक विनय परमार, प्रधान आरक्षक मालसिंह, गंगाराम और आरक्षक सियाराम व दयाराम की सराहनीय भूमिका रही। एसपी सचिन शर्मा ने पूरी टीम को उचित इनाम देने की घोषणा की है।
जब्त सामग्री और स्थिति
- हथियार: 01 देसी कट्टा (12 बोर), 03 जिंदा कारतूस।
- वाहन: टी.वी.एस मोटरसाइकिल।
- कुल मशरुका: ₹25,900 की जब्ती।
- कोर्ट पेशी: दोनों आरोपियों को आज (12 मई) न्यायालय में पेश किया जाएगा।
अपडेट: धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर अवैध हथियार बनाने, बेचने और खरीदने वालों की कुंडली खंगाली जा रही है। गंधवानी में हुई यह गिरफ्तारी इसी कड़ी का हिस्सा है। जल्द ही इस मामले में बड़े खुलासे की उम्मीद है।
