Headlines

कहीं मकान के ऊपर से घुसे तो कहीं संडासी से तोड़े ताले, लाखों के जेवर और नकदी पार

​जिले में तीन जगह चटके ताले, चोर गिरोह सक्रिय

धार। जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान मांडव, धामनोद और धरमपुरी में चोरी की तीन बड़ी वारदातें सामने आई हैं। चोरों ने कहीं सूने मकान को निशाना बनाया, तो कहीं घर में सो रहे परिवार की नाक के नीचे से दुकान साफ कर दी। मांडव में तो आरोपी ने संडासी से ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

केस 01: मांडव में ‘संडासी’ से तोड़ा ताला, 93 हजार के जेवर ले उड़ा अर्जुन

​ऐतिहासिक नगरी मांडव के वार्ड क्रमांक 2 में चोरी की सनसनीखेज वारदात हुई। फरियादी संतोष पिता गोपाल जादम ने बताया कि आरोपी अर्जुन पिता मुन्ना मेड़ा घर के दरवाजे की सांकल खोलकर अंदर दाखिल हुआ।

  • कैसे दी वारदात को अंजाम: आरोपी ने संडासी (पकड़) का इस्तेमाल कर बिस्तर पेटी का ताला तोड़ दिया।
  • क्या-क्या चोरी हुआ: पेटी में रखा सोने का मंगलसूत्र (20 हजार), 12 ग्राम का सोने का पेंडल (50 हजार), चांदी की पायजेब (7 हजार) और सोने के टाप्स (16 हजार) चोरी कर लिए।
  • कार्रवाई: मांडव पुलिस ने आरोपी अर्जुन के खिलाफ धारा 331(3) और 305(A) BNS के तहत केस दर्ज किया है।

केस 02: धरमपुरी में छत के रास्ते दुकान में घुसे चोर, सामान और नकदी समेटा

​धरमपुरी के ग्राम टवलाई बुजुर्ग में एक किराना दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। फरियादी सुनील जायसवाल रात 10 बजे दुकान बंद कर पीछे के कमरे में सोने चले गए थे।

  • छत से आए चोर: मकान के ऊपर निर्माण कार्य चल रहा है, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोर छत के रास्ते दुकान में घुसे।
  • क्या हुआ चोरी: सुबह 6 बजे जब सुनील उठे तो सामान अस्त-व्यस्त मिला। गल्ले में रखे 50,000 रुपये नगद, 10,000 रुपये के सिक्के और किराने का सामान गायब था।
  • कार्रवाई: धरमपुरी पुलिस ने धारा 305(A) और 331(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया है।

केस 03: धामनोद में सूने मकान का नकुचा तोड़ा, 40 हजार नगद पार

​धामनोद की श्याम वाटिका (मुक्तानंद परिसर) में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। फरियादी रविकुमार सेन 9 मई को घर पर ताला लगाकर खरीदारी करने इंदौर गए थे।

  • दरवाजा टूटा मिला: जब रवि वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे का नकुचा टूटा हुआ था।
  • अलमारी साफ: अंदर कमरे में रखी अलमारी का दरवाजा खुला था और उसमें रखे 40,000 रुपये नगद गायब थे।
  • कार्रवाई: आसपास तलाश के बाद फरियादी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ धारा 331(4) और 305(A) BNS में केस दर्ज किया है।

सावधानी जरूरी: पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय पड़ोसियों को सूचित करें और घर के ऊपर चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *