धार में ‘संडे ऑन साइकिल’ की धूम
धार। भारत सरकार के खेल मंत्रालय की ‘खेलो इंडिया योजना’ के अंतर्गत, देशवासियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और फिटनेस को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से आज पूरे भारत के भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) सेंटरों पर फिट इंडिया साइकिलिंग अभियान के विशेष संस्करण का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के धार स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) खेल प्रशिक्षण केंद्र में “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम बेहद हर्षोल्लास और ऊर्जा के साथ संपन्न हुआ।
इस विशेष आयोजन में कस्टम्स एवं जी.एस.टी. विभाग इंदौर और धार के आला अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आमजन को सेहतमंद रहने की प्रेरणा दी।
वार्म-अप से हुई शुरुआत
साइकिल रैली की शुरुआत से पहले साई सेंटर परिसर में सभी अधिकारियों और प्रतिभागियों ने स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज और रोप स्किपिंग (रस्सी कूदने) का अभ्यास कर शरीर में ऊर्जा का संचार किया। इसके तुरंत बाद, सभी प्रतिभागियों को फिटनेस को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए ‘फिट इंडिया मिशन’ की शपथ दिलाई गई।

6 किमी सफर कर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
यह फिटनेस साइकिल रैली भारतीय खेल प्राधिकरण, जैतपुरा धार परिसर से शुरू हुई। यहाँ से पैडल मारते हुए सभी प्रतिभागी त्रिमूर्ति चौराहा और लालबाग चौराहा होते हुए वापस साई परिसर पहुंचे। लगभग 6 किलोमीटर की इस रैली के समापन पर अधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे साइकिल चलाने को अपनी दिनचर्या में शामिल करेंगे। इससे न केवल मोटापा और अन्य बीमारियां दूर रहेंगी, बल्कि पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी। साथ ही, सभी ने अपने परिजनों और समाज में जन जागरूकता अभियानों के माध्यम से प्रधानमंत्री के प्रसिद्ध नारे “फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज” को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया।
इनका रहा विशेष सहयोग
इस गरिमामयी और ऊर्जावान आयोजन को सफल बनाने में कस्टम और जीएसटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का विशेष योगदान रहा, जिनमें जीतेन्द्र सिंह राणावत (असिस्टेंट कमिश्नर, कस्टम विभाग इंदौर), मिथिलेश द्विवेदी (असिस्टेंट कमिश्नर, कस्टम विभाग इंदौर), राजेश मंश्रमानी (असिस्टेंट कमिश्नर, सीजीएसटी इंदौर), आदित्य राज चौहान (असिस्टेंट कमिश्नर, एसजीएसटी धार) शामिल थे, इसके साथ ही दोनों विभागों के कई इंस्पेक्टरों और कर्मचारियों ने भी रैली में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
न्यूट्रिशियस डाइट के साथ हुआ समापन
रैली के सफल समापन के बाद सभी प्रतिभागियों, साई (STC) धार के प्रशिक्षकों, स्टाफ और युवा खिलाड़ियों ने एक साथ मिलकर पौष्टिक स्वल्पाहार लिया, जो खेल और स्वास्थ्य के तालमेल को दर्शाता है। कार्यक्रम के अंत में भारतीय खेल प्राधिकरण (STC धार) के राजेश तम्बोलिया (तीरंदाजी प्रशिक्षक) और रोनी मोदी (बैडमिंटन प्रशिक्षक) ने कस्टम्स एवं जी.एस.टी. विभाग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों का इस सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
इस पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफल बनाने में साई धार के प्रशिक्षक विकास कुमार, लक्ष्मीनारायण वागेला, मनीष लोधी, राजेंद्र भंडारी और अन्य स्टाफ कर्मचारियों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
