Headlines

गंगा दशहरा पर निकलेगी भव्य ‘कलश यात्रा’, जनप्रतिनिधियों के साथ जनता भी उठाएगी फावड़ा

गंगा दशहरा पर धार में सजेगी जल चेतना की महा-चौपाल

25 मई को जिलेभर में मनेगा महाउत्सव, कलेक्टर ने दिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश

धार | भीषण गर्मी के बीच जलस्रोतों को सहेजने और पानी की हर बूंद को बचाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप धार जिले में महाअभियान शुरू हो चुका है। पूरे प्रदेश के साथ धार में भी 19 मार्च से 30 जून तक ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में आगामी 25 मई (गंगा दशहरा) को धार जिला एक बड़े और पवित्र जन-आंदोलन का गवाह बनने जा रहा है। इस दिन जिले भर में जनसहभागिता से हर गांव-कस्बे में भव्य ‘जल स्रोत पूजन’ और ‘गंगा कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने इस महाआयोजन को लेकर जिले के सभी एसडीएम, जनपद सीईओ और विभागों के प्रमुखों को एक्शन मोड में काम करने के सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं।

सुबह पूजा-पाठ और श्रमदान, शाम को सजेगी सांस्कृतिक संध्या

कलेक्टर मीना ने बताया कि गंगा दशहरा पर होने वाले इस महाआयोजन को मुख्य रूप से दो प्रमुख हिस्सों (अवयवों) में बांटा गया है:

  • पहला भाग (दिनभर): व्यापक जन सहयोग से जल संरक्षण व संवर्धन के जमीनी काम होंगे। कुओं, बावड़ियों और तालाबों को सहेजने का संकल्प लेकर जलस्रोतों का पूजन होगा।

  • दूसरा भाग (देर शाम): जल चेतना को जगाने और उत्सव के माहौल को दोगुना करने के लिए देर शाम भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।

जन अभियान परिषद संभालेगी कमान; कुएं, बावड़ी और हैंडपंपों की होगी ‘महा-आरती’

इस अभियान को जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद को सौंपी गई है।

  • गांव-गांव में पूजा: जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्थानीय ‘ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों’ के माध्यम से पारंपरिक कुओं, ऐतिहासिक बावड़ियों, तालाबों और यहाँ तक कि हैंडपंपों की भी पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी।

  • चलेगा ‘मेगा’ सफाई अभियान: सिर्फ पूजा ही नहीं, बल्कि पानी के इन स्रोतों को कचरे से मुक्त करने के लिए इनके आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, ताकि पानी पीने योग्य और स्वच्छ बना रहे।

  • सांसद-विधायक भी उठाएंगे फावड़ा: इस सरकारी अभियान को जन-आंदोलन बनाने के लिए क्षेत्र के सांसद, विधायक, नगरीय निकायों के अध्यक्ष और पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जो जनता के साथ मिलकर श्रमदान करेंगे।

सारे विभाग अलर्ट पर, कलेक्टर बोले- समय पर पूरी हों तैयारियां

इस अभियान को सफल बनाने के लिए धार प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। कलेक्टर ने वन विभाग, उद्यानिकी, कृषि, पीएचई, उद्योग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जनजातीय कार्य विभाग, शिक्षा, महिला बाल विकास और सभी नगरीय निकायों सहित एक दर्जन से अधिक विभागों को समय-सीमा में सारी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। शासन की मंशा साफ है- पानी बचेगा, तभी धार का भविष्य सवेरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *