Headlines

एकतरफा प्यार में घेरी एक्टिवा, लाठी-डंडों से किया था जानलेवा हमला, 5 आरोपी गिरफ्तार

युवती के सामने ही दोस्त पर टूट पड़े बदमाश, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से 5 दबोचे, 2 अब भी फरार

धार। शहर के कोर्ट रोड घाटी इलाके में पिछले दिनों युवक पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मामला एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा है, जिसमें मुख्य आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हमले में शामिल 5 आरोपियों को दबोच लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता सहित दो अब भी फरार हैं।

रास्ते में रोका, फिर बरसाने लगे लाठियां

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 मई को फरियादिया गायत्री राठौड़ अपने मित्र अभयसिंह कुशवाह के साथ एक्टिवा से घर लौट रही थी। तभी कोर्ट रोड घाटी के पास घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। बदमाशों ने अभयसिंह के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते लाठी, डंडों और लात-घूंसों से उस पर टूट पड़े। इस बर्बर हमले में अभयसिंह को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआत में पुलिस ने अपराध क्रमांक 173/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था, लेकिन मामले की गंभीरता और चोटों को देखते हुए बाद में इसमें हत्या के प्रयास (धारा 109(1) बीएनएस) की धारा बढ़ाई गई।

CCTV फुटेज और मुखबिर के जाल में फंसे आरोपी

वारदात के बाद पुलिस कप्तान के निर्देशन में टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मुखबिरों को एक्टिव किया गया। पुलिस को तब बड़ी कामयाबी मिली जब टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों—शुभम और अंकित को हिरासत में लिया।

पूछताछ में खुला राज : ‘वो मेरी पसंद है, तुम बीच में क्यों आए’

जब पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि पूरी वारदात का मास्टरमाइंड मनीष पंवार है। मनीष एकतरफा प्यार के चक्कर में अभयसिंह से रंजिश रखता था। उसी ने अभयसिंह को रास्ते से हटाने और सबक सिखाने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर इस पूरी मारपीट की साजिश रची थी।

ये आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

मनीष का राज उगलवाने के बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए बाकी साथियों को भी दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की सूची इस प्रकार है:

  1. अंकित (22 वर्ष), निवासी- भरावदा चौकी दसई (थाना अमझेरा)

  2. शुभम (18 वर्ष 6 माह), निवासी- कोर्ट के पीछे, हाथीथान

  3. संदीप (20 वर्ष), निवासी- गयड़ावद (थाना तिरला)

  4. योगेश (21 वर्ष), निवासी- पिपलदा

  5. राहुल (22 वर्ष), निवासी- खिलचीपुरा

मास्टरमाइंड समेत दो अब भी फरार

पुलिस के मुताबिक मामले का मुख्य आरोपी मनीष पंवार (निवासी रामकृष्ण नगर, धार) और उसका एक अन्य साथी गौतम (निवासी हाथीथान) फिलहाल फरार हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इन्हें भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

इन्होंने निभाई सराहनीय भूमिका

अंधे कत्ल की कोशिश के इस मामले को चंद दिनों में सुलझाने में नौगांव थाना प्रभारी निरीक्षक हिरुसिंह रावत, थावर सिंह गहलोत, देवेन्द्र परमार, अनिल बीसी, और राजेश पाटीदार की मुख्य भूमिका रही। वहीं, आरोपियों को ट्रैक करने में साइबर सेल प्रभारी प्रशांत गुंजाल, प्रधान आरक्षक सर्वेश सिंह सोलंकी, सुरज तिवारी, आरक्षक दिलीप यादव और प्रशांत सिंह चौहान का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *