Headlines

नालछा में गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंकने पर बवाल, 3 नामजद सहित कई लोगों पर FIR दर्ज

धार। धार-मांडव रोड पर स्थित नालछा थाने के ठीक सामने सोमवार दोपहर को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कुछ युवकों ने देश के गृह मंत्री अमित शाह के पुतले को पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हुआ। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीन नामजद आरोपियों सहित उनके अन्य साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर वारदात

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार (1 जून ) दोपहर करीब 12:30 बजे की है। आरोपी नालछा थाने से महज 200 मीटर पश्चिम की ओर धार-मांडव मुख्य मार्ग पर इकट्ठा हुए थे। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपियों ने अचानक गृह मंत्री अमित शाह का पुतला निकाला और उस पर ज्वलनशील पदार्थ (पेट्रोल) डालकर सामूहिक रूप से आग लगा दी। बीच सड़क पर धूं-धूं कर जलते पुतले और हंगामे के कारण व्यस्त राजमार्ग पर वाहनों के पहिए थम गए, जिससे आम जनता को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इन आरोपियों पर गिरी गाज

नालछा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले में त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने पुतला दहन करने वाले मुख्य आरोपियों की शिनाख्त कर ली है:

  1. भानु गिरवाल (निवासी: कुराड़िया)

  2. करण सिंगारे (निवासी: मेघापुरा)

  3. जीवन बारिया (निवासी: अंबापुरा) इसके अलावा 04 अन्य साथियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है, जिनकी तलाश जारी है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा: पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नए कानून (BNS) के तहत कड़ी कार्रवाई की है। आरोपियों पर BNS की धारा 285, 287, 191(2) और 190 के तहत केस दर्ज किया गया है, जो लापरवाही से आग फैलाने, सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने और गैर-कानूनी रूप से इकट्ठा होने से जुड़ी हैं।

पुलिस मुस्तैद, तलाश जारी

हाईवे पर सरेराह हुए इस ड्रामे और देश के गृह मंत्री के पुतले को पेट्रोल से जलाए जाने की घटना को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया है। नालछा पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल अलर्ट पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *