Headlines

धार जिले में चोरों का आतंक : 1 रात में 9 वारदातें, सरेराह चेन लूटी, लाखों की चोरी

कहीं टूटे ताले तो कहीं किसानों के पंपों से ‘तांबा पार’, पुलिस महकमे में हड़कंप

धार। जिले में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए अज्ञात बदमाशों और चोरों ने जमकर उत्पाद मचाया है। पिछले 24 से 48 घंटों के भीतर धार के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी और लूट की 9 बड़ी वारदातें सामने आई हैं। चोरों ने कहीं सूने घरों के ताले चटकाए, तो कहीं किसानों के पंपों से तांबा चुराया। वहीं नालछा में कार सवार युवक को रोककर मारपीट और सरेराह लूट की एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने सभी मामलों में बीएनएस (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पढ़िए जिले की सभी छोटी-बड़ी वारदातों की यह क्राइम रिपोर्ट:

कार रोककर पत्थर बरसाए, 3 तोले की चेन छीनी

थाना नालछा (अपराध धारा: 309(4), 309(6), 125, 324(4) BNS)

सबसे सनसनीखेज मामला ग्राम सोडल्यापुरा चौराहे के पास का है। मानपुर के रहने वाले विनय जाट अपनी कार से जा रहे थे, तभी स्पीड ब्रेकर के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने कॉलर पकड़कर विनय के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब उन्होंने कार आगे बढ़ाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने पत्थरों और डंडों से कार पर हमला कर दिया, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद बदमाश विनय के गले से 3 तोले की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।

ताले तोड़कर उड़ाए लाखों के जेवरात और नगदी

थाना बदनावर (अपराध धारा: 331(4), 305(ए) BNS)

बदनावर के जवाहर मार्ग में रहने वाली महक अग्रवाल के घर को चोरों ने निशाना बनाया। देर रात अज्ञात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ा और डाइनिंग रूम में रखी लोहे की अलमारी को कटर से काट दिया। चोर अलमारी में रखे सोने के कंगन, सोने की पोची, दो चेन, मोती का हार सेट, अंगूठी, कान की बालियां-झुमकी, चार सोने के कुर्ते के बटन, चांदी के 4 पूजा के लोटे, ग्लास, कटोरियां, प्लेट, पैर के आवला सेट, 4 जोड़ी पायल, इत्र दानी, चांदी के सिक्के और 1.5 लाख रुपये नगद समेट ले गए।

व्यापारी के घर और ऑफिस में धावा

थाना बदनावर (अपराध धारा: 331(4), 305(ए) BNS)

बदनावर की ही अणुश्री कॉलोनी में रहने वाले अनिल जैन के घर और ऑफिस में भी चोरी की वारदात हुई। चोरों ने चैनल गेट और ऑफिस के दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर दराज (ड्रॉअर) में रखे 9,500 रुपये नगद चुरा लिए।

छत के रास्ते घर में घुसे चोर

थाना कोतवाली धार (अपराध धारा: 331(4), 305(a) BNS)

तुलसीनगर (धार) में रहने वाले कपिल यादव के सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ने के बाद छत पर बने टावर का दरवाजा उचकाकर घर के अंदर दाखिल हुए। यहां अलमारी में रखी चांदी की पायजेब और 25,000 रुपये नगद चोरी हो गए।

स्कूटी खड़ी कर किस्त लेने गई महिला का बैग गायब

थाना अमझेरा (अपराध धारा: 303(2) BNS)

ग्राम नयापुरा में कोमलबाई के घर के सामने आम रोड पर एक महिला ठगी का शिकार हो गई। फरियादिया सपना भील अपनी स्कूटी खड़ी कर, उसपर रुपयों से भरा बैग रखकर कोमलबाई से किस्त के पैसे लेने गई थी। जब वह लौटकर आई तो स्कूटी से बैग गायब था। बैग में एक बायोमेट्रिक डिवाइस मशीन और कलेक्शन के 47,150 रुपये रखे थे, जिसे महिला-पुरुष की एक अज्ञात जोड़ी उड़ा ले गई।

पटेलपुरा में आदिवासियों के गहने चोरी

थाना गंधवानी (अपराध धारा: 331(4), 305(a) BNS) ग्राम साली (पटेलपुरा) में रहने वाले गलसिंह भीलाला के घर में अज्ञात चोर ने घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा। चोर अलमारी में रखे पुरानी चांदी का कन्दौरा, मंगलसूत्र, बिछौड़ी, पायजेब और कड़ा चुरा ले गए। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 30,000 रुपये बताई जा रही है।

3 किसानों के कुओं से 62 किलो तांबे का तार पार

कुक्षी थाना क्षेत्र के निसरपुर के पास खारवानाला इलाके में एक ही रात में तीन अलग-अलग किसानों के सिंचाई पंपों को निशाना बनाया गया। चोरों ने मोटर को काटकर उसके अंदर से कीमती तांबे का तार निकाल लिया।

  • सुखदेव पाटीदार (करोंदिया के पास): अज्ञात चोरों ने इनके खेत से करीब 20 किलो तांबे का तार चुराया, जिसकी अनुमानित कीमत 15,000 रुपये है।

  • मनोहरलाल पाटीदार (बाजरीखेड़ा आमला बावड़ी): इनके सिंचाई पंप को काटकर चोरों ने 17 किलो तांबे का तार पार कर दिया, जिसकी कीमत लगभग 14,000 रुपये बताई जा रही है।

  • रामेश्वर पाटीदार (कोठडा गांव के ऊपर): चोरों ने इनके खेत से सबसे ज्यादा 25 किलो तांबे का तार चोरी किया, जिसकी कुल कीमत 18,000 रुपये के करीब है।

एक ही रात और एक ही इलाके में हुई इन चोरियों और लूट की वारदातों के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप है। पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संदिग्धों की धरपकड़ के लिए टीमें बनाई गई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *