Headlines

आलीशान कंटेनर… अमानवीय टॉर्चर ! धामनोद में 3 लाख के गोवंश पर तस्करों का जुल्म

सांस लेना भी था मुश्किल, 30 बछड़ों और 6 गायों को ठूंसकर ले जा रहा था यूपी नंबर का ट्रक, खाकी ने फेरा मंसूबों पर पानी

धार। जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एबी रोड पर कुंदा फाटे के पास आयशर शोरूम के सामने, पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध कंटेनर को रोका, जिसमें क्रूरतापूर्वक भरे गए छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे गोवंश को मुक्त कराया गया।

25 लाख के कंटेनर में भरे थे 3 लाख के गोवंश

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में अवैध रूप से गोवंश को ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम दूधी के पास जाल बिछाया। जब कंटेनर क्रमांक UP 21 BN 3120 को रोककर उसकी तलाशी ली गई, तो अंदर का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। लगभग 25 लाख रुपए की कीमत वाले इस आलीशान कंटेनर के भीतर बेहद अमानवीय तरीके से गोवंश को ठूस-ठूस कर भरा गया था। पुलिस ने मौके से 30 केड़े (बछड़े), 06 गाय जब्त किए, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 3 लाख रुपए बताई जा रही है।

चालक पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गोवंश को सुरक्षित मुक्त कराया और कंटेनर सहित पूरे माल को जब्त कर लिया है। फरार चालक के खिलाफ धामनोद पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ म.प्र. गोवंश प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 9 और पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम की धारा 11(1) (घ) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह गोवंश कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। इस कार्रवाई के बाद से इलाके के गोवंश तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *