रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट के गवर्नर सुशील मेहरोत्रा ने सौंपी उपाधि
सामाजिक और जनहित के कार्यों के लिए मिला सम्मान
धार। मालवा की ऐतिहासिक नगरी धार का नाम एक बार फिर गर्व से ऊंचा हुआ है। नगर के प्रतिष्ठित समाजसेवी और ‘रेल लाओ महासमिति’ के प्रखर अध्यक्ष पवन जैन गंगवाल को उनके अद्वितीय सामाजिक, धार्मिक और जनहित के कार्यों के लिए ‘धार रत्न’ की मानद उपाधि से नवाजा गया है। रोटरी क्लब धार द्वारा आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3040 के गवर्नर सुशील मेहरोत्रा ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान सौंपा। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के बाद से ही पूरे शहर में हर्ष की लहर है।
क्यों मिला पवन जैन गंगवाल को ‘धार रत्न’
गंगवाल का जीवन समाज सेवा और नगर के विकास के लिए समर्पित रहा है। उन्हें यह उपाधि मुख्य रूप से धार जिले को रेलवे मानचित्र पर लाने के लिए ‘रेल लाओ महासमिति’ के बैनर तले वर्षों से लगातार प्रयास, राष्ट्रीय पर्वों पर भव्य झंडा वंदन और जन-जागरूकता कार्यक्रमों का सफल नेतृत्व, क्षेत्र के तीन अति प्राचीन और ऐतिहासिक मंदिरों का जीर्णोद्धार करवाकर उनकी खोई महिमा लौटाना, समय-समय पर विभिन्न समाजोपयोगी और जनहितैषी गतिविधियों का संचालन इन उल्लेखनीय योगदानों के लिए दी गई है।
हुआ नागरिक अभिनंदन
इस बड़ी उपलब्धि के बाद धार के सामाजिक और व्यापारिक हल्कों में उत्साह का माहौल है। आनंद चौपाटी परिवार द्वारा गंगवाल का विशेष नागरिक अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही धार व्यापारी संघ, रेल लाओ महासमिति और शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक व व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी। सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी धार नगरी का सम्मान है।
“यह सम्मान मेरा नहीं, पूरे धार वासियों का है”
अपनी इस सफलता पर विनम्रता व्यक्त करते हुए पवन जैन गंगवाल ने कहा— “इस सम्मान का असली श्रेय मेरे सभी सहयोगियों, सामाजिक संगठनों और नगरवासियों को जाता है, जिनके सहयोग के बिना कुछ भी संभव नहीं था। यह उपाधि मुझे भविष्य में समाज और नगर हित के लिए और अधिक ऊर्जा के साथ समर्पित रहने की प्रेरणा देगी।” जानकारी सेमी होलसेल व्यापारी महासंघ के मीडिया प्रभारी गौरव जैन ने दी।
website : jansamacharmp.com
Follow this link to join my WhatsApp group: https://chat.whatsapp.com/
