धार। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगामी धार जिले के दौरे और ‘राज्य स्तरीय सहकारिता सम्मेलन’ को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। आयोजन में कोई कसर न रह जाए, इसके लिए आज कलेक्टर राजीव रंजन मीना खुद ग्राउंड जीरो पर उतरे। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल और हेलीपेड का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
सरदारपुर कॉलेज में सजेगा मंच
यह बड़ा राज्य स्तरीय सहकारिता सम्मेलन सरदारपुर के राजगढ़ स्थित राजेन्द्रसुरी महाविद्यालय परिसर में आयोजित होने जा रहा है। कलेक्टर मीना ने कॉलेज कैंपस पहुंचकर मंच निर्माण, हेलीपेड, डोम, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पीने के पानी और सुरक्षा से जुड़ी सभी तैयारियों की समीक्षा की।
अफसरों को दो टूक- समय पर पूरी हों तैयारियां
कलेक्टर मीना ने अधिकारियों को दो टूक हिदायत दी कि मुख्यमंत्री के आगमन और सहकारिता सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां समय-सीमा के भीतर और हाई स्टैंडर्ड के साथ पूरी हो जानी चाहिए। आम जनता की सुविधाओं और सुरक्षा में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी सचिन शर्मा ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को जरूरी गाइडलाइंस दीं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी समेत तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का यह दौरा धार जिले के सहकारिता क्षेत्र के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। यही वजह है कि जिला प्रशासन आपसी समन्वय के साथ इस गरिमामयी कार्यक्रम को सफल बनाने में जी-जान से जुट गया है।

