Headlines

मंगेतर के साथ बाइक से घर लौट रहे युवक की नहर से टकराकर मौत, युवती की हालत गंभीर

शादी से पहले ही दो परिवारों की खुशियां मातम में बदली

धार। जिले के धरमपुरी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। शाहपुरा-काकड़दा मार्ग पर स्थित एक नहर के पास जब ग्रामीणों ने लावारिस हालत में एक मोटरसाइकिल और कुछ ही दूरी पर लहूलुहान अवस्था में एक युवक-युवती को देखा, तो मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जिसे लोग शुरुआत में कोई संदिग्ध आपराधिक वारदात समझ रहे थे, वह पुलिस की प्राथमिक जांच में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा निकला, जिसने शादी से पहले ही दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया।

यह दर्दनाक हादसा शनिवार रात लगभग 12:30 से 1:00 बजे के बीच धरमपुरी थाना क्षेत्र के शाहपुरा-काकड़दा मार्ग पर स्थित नहर के पास घटित हुआ। मूल रूप से मानपुर की रहने वाली रीना (पिता रमेश) और धरमपुरी के काकड़दा निवासी गणेश की सगाई हो चुकी थी। शनिवार रात करीब 10:30 बजे दोनों मानपुर से मोटरसाइकिल द्वारा काकड़दा के लिए निकले थे। रास्ते में बाइक की गति अत्यधिक होने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे नहर की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक से छिटक गए, जिसमें गणेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रीना गंभीर रूप से घायल हो गई।

पायलेट ने युवती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया

पायलेट कुलदीप जाट ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच उन्हें सूचना मिली कि उमरिया काकड़दा में नहर के पास एक लड़का और लड़की गिरे हुए हैं। वे तुरंत एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर युवक मृत अवस्था में था, जबकि युवती की स्थिति बेहद नाजुक थी। टीम ने तत्काल घायल युवती को गाड़ी में बैठाया और धरमपुरी शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र (हायर सेंटर) रेफर कर दिया गया। मामले की जानकारी मिलते ही धरमपुरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

ओवर स्पीड से हुआ हादसा

एडिशनल एसपी विजय डावर ने मीडिया को बताया कि प्रथम दृष्ट्या घटनास्थल का निरीक्षण करने पर प्रतीत होता है कि हादसा ओवर स्पीडिंग के कारण हुआ है, जिससे बाइक नहर से टकराई और दोनों नीचे गिर गए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच के लिए एफएसएल टीम को भी स्पॉट पर भेजा है ताकि किसी भी अन्य प्रकार की संभावना या संदिग्ध घटनाक्रम की बारीक जांच की जा सके।

धरमपुरी पुलिस का कहना है कि वर्तमान में दुर्घटना के सभी पहलुओं पर गहन जांच जारी है। इस पूरे मामले का पूरी तरह से खुलासा घायल युवती रीना के होश में आने के बाद उसके बयानों, युवक की विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल टीम द्वारा एकत्रित किए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा। पुलिस फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *