Headlines

प्रधानमंत्री ने धार के राम कुशवाहा से किया सीधा वर्चुअल संवाद, ‘विकसित भारत’ का अग्रदूत बताया

राम कुशवाहा ने PM मोदी से साझा किए सीमावर्ती गांवों के अनुभव, कलेक्टर ने दी बधाई

धार। देश के दुर्गम और बर्फीले सीमावर्ती गांवों में बिताए दिन, वहां का खान-पान, रहन-सहन और ‘एक पेड़ वीर के नाम’ अभियान के तहत किया गया श्रमदान जब धार के एक युवा ने अपने इन जमीनी अनुभवों को सीधे देश के प्रधानमंत्री के सामने रखा, तो यह न केवल उसके लिए बल्कि पूरे जिले के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बन गया।

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय (भारत सरकार), गृह मंत्रालय तथा ITBP के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम’ (VVVP) के तहत आज जिला एनआईसी केंद्र, धार में एक विशेष वर्चुअल संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस गरिमामयी आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार के युवा वॉलंटियर राम कुशवाहा सहित देश भर से चयनित प्रतिभागियों से सीधा वर्चुअल संवाद किया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर राजीव रंजन मीना मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

राम ने प्रधानमंत्री से अनुभव किये साझा

वर्चुअल संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से लेह-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के दुर्गम सीमावर्ती क्षेत्रों में चलाए गए सामाजिक सर्वेक्षण और श्रमदान के अनुभवों पर विस्तार से चर्चा की। धार के युवा वॉलंटियर राम कुशवाहा ने प्रधानमंत्री से अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थानीय संस्कृति, खान-पान और जीवनशैली को बेहद करीब से समझा है। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं के इस समर्पण और जज्बे की खुलकर सराहना की और उन्हें ‘विकसित भारत’ का अग्रदूत करार दिया।

धार जिले के लिए गर्व का विषय

जिला कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने धार के युवा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जिले के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने राम कुशवाहा का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और अन्य युवाओं को भी राष्ट्र निर्माण के कार्यों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

युवाओं के लिए प्रेरणा और पंजीकरण का आह्वान

कार्यक्रम के सफल समापन पर ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) धार की जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत ने इसे जिले के लिए अत्यंत गौरव का क्षण बताया। उन्होंने जिले के युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास के इस अभियान से जुड़ने के लिए अधिक से अधिक युवा ‘माय भारत’ (MY Bharat) पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराएं, ताकि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने और ऐसे स्वर्णिम अवसरों का हिस्सा बनने का मौका मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *