Headlines

धार : घोड़ा चौपाटी पर छेड़खानी के विवाद में चले लोहे के पलटे, दोनों पक्षों पर FIR दर्ज

पुलिस ने घोड़ा चौपाटी क्षेत्र में निकाला आरोपियों का जुलूस

महिला की शिकायत पर दीपक के खिलाफ छेड़छाड़ संबंधी प्रकरण दर्ज

धार। छेड़खानी के एक विवाद ने मंगलवार शाम धार शहर के व्यस्ततम घोड़ा चौपाटी इलाके में हिंसक रूप ले लिया। युवती का पीछा करने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क पर जमकर हाथापाई हुई और लोहे के पलटे से हमला कर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों ही पक्षों के खिलाफ मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस ने घोड़ा चौपाटी क्षेत्र में आरोपियों का जुलूस निकाला। साथ ही घटना स्थल का निरीक्षण भी किया।

यह पूरी घटना धार के लालबाग से शुरू होकर घोड़ा चौपाटी क्षेत्र में 28 जुलाई मंगलवार की शाम लगभग 7:00 बजे घटी। जानकारी के अनुसार, ओंकारनगर निवासी दीपक जायसवाल और कुम्हारगड्डा निवासी अजय यादव उर्फ श्याम दुबेला के बीच युवती से छेड़छाड़ को लेकर विवाद हुआ था। शाम को दोनों पक्ष घोड़ा चौपाटी पर फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दीपक जायसवाल और उसके साथी कुलदीप बौरासी की अजय यादव और उसके भाई सोमेश से हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान लोहे के पलटे से किए गए हमले में सोमेश के सिर पर गंभीर चोट आई।

घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध क्रमांक 417/2026 और 418/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पीड़ित महिला की शिकायत पर दीपक जायसवाल के खिलाफ छेड़छाड़ और पीछा करने का एक और मामला (अपराध क्रमांक 419/2026, धारा 75(1)(iv), 78 बीएनएस) दर्ज किया गया है। पुलिस ने घोड़ा चौपाटी क्षेत्र में आरोपियों का जुलूस निकाला। साथ ही घटना स्थल का निरीक्षण भी किया।

पुलिस ने 29 जुलाई बुधवार को आरोपियों की मौजूदगी में मौका-ए-वारदात का मुआयना किया और हमले में इस्तेमाल लोहे का पलटा भी जब्त कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि दोनों पक्षों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। धार पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़ी किसी भी भ्रामक या अपुष्ट खबर को शेयर न करें, मामले की निष्पक्ष विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *