धार के भोज नगर में बुजुर्ग महिला से चैन स्नेचिंग, कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज
धार। रात के अंधेरे में घर के बाहर मामूली काम से निकली एक बुजुर्ग महिला को अंदाज़ा भी नहीं था कि बाइक सवार बदमाश उनकी घात में बैठे हैं। गायों को भगाने के लिए जैसे ही वे अपने घर के मुख्य द्वार से कुछ कदम दूर पहुँचीं, बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने अचानक उनकी सोने की चैन पर झपट्टा मार दिया। महिला की सूझबूझ और तत्परता से पूरी चैन तो नहीं, लेकिन बदमाश चैन का आधा हिस्सा और पैंडल लेकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।
घटना 30 जुलाई गुरुवार की रात लगभग 10:05 बजे थाना कोतवाली धार क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 12 भोजनगर (थाने से करीब 2 किमी पूर्वोत्तर) की है। पीड़िता विमला ठाकुर (55 वर्ष), पति राजेंद्र सिंह ठाकुर, अपने घर के बाहर गायों को भगाने आई थीं। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन अज्ञात व्यक्ति आए। बाइक पर सबसे पीछे बैठे व्यक्ति ने चेक शर्ट पहनी थी और गले में सफेद गमछा डाला हुआ था। जैसे ही विमला पड़ोसी निर्मला के घर के गेट के पास पहुँचीं, उसी बदमाश ने पीछे से आकर गले की सोने की चैन छीनने की कोशिश की। विमला द्वारा चैन पकड़ लेने के कारण आधा हिस्सा उनके हाथ में रह गया, जबकि बाकी हिस्सा पैंडल सहित बदमाश ले उड़े। इस वारदात को पड़ोसी निर्मला मकवाना ने देखा। वारदात के बाद तीनों आरोपी मगजपुरा की ओर भाग निकले।
पीड़िता ने अपने पोते हर्षल ठाकुर के साथ थाना कोतवाली धार पहुँचकर देर रात 23:59 बजे रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
इस घटना के बाद से भोजनगर इलाके के निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और मगजपुरा की ओर भागे बदमाशों की पहचान में जुट गई है, ताकि शहर में सक्रिय स्नेचिंग गिरोह का जल्द से जल्द पर्दाफाश किया जा सके।
