दिनदहाड़े सूने मकान का ताला टूटा, मेहनत की कमाई पर चोरों का हाथ साफ
धार। जिले के थाना मांडव अंतर्गत आने वाले गांव मेहंदीखेड़ी में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। मंगलवार, 04 अगस्त को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। पीड़ित प्रकाश भूरिया (उम्र 36 वर्ष, पिता मोहन भूरिया) के घर में खिड़की की नेट (जाली) हटाकर घुसे चोरों ने अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण व पांच हजार रुपये नगद चुराकर फरार हो गए। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मंगलवार रात 9:40 बजे अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3) और 305A के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
ताला खोलते ही उड़े होश
फरियादी प्रकाश भूरिया ने बताया कि मंगलवार की सुबह पूरा परिवार खेत पर काम करने गया हुआ था। दोपहर करीब 1:30 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। अलमारी का ताला टूटा मिला और उसमें रखे दो जोड़ चांदी के कड़े, दो सोने के मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने की झुमकी, एक जोड़ सोने के झेले (टॉप्स), एक चांदी का कंदोरा, एक जोड़ चांदी की रमझोल तथा एक जोड़ चांदी की हाथ की करोंदी गायब थे।

5 लाख रुपए का हुआ नुकसान
प्रकाश भूरिया के अनुसार, चोरी गए सोने के आभूषणों की कीमत लगभग 3 लाख रुपये और चांदी के गहनों की कीमत करीब 2 लाख रुपये है, जिससे उन्हें कुल 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, पुलिस के अनुसार अनुमानित मशरूका (चोरी गए सामान) की कुल कीमत 1,80,000 रुपये आंकी गई है।
भाई के भी थे आभूषण अलमारी में
पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरी हुए गहनों में से कुछ आभूषण उनके भाई के भी थे, जिनका नया मकान बन रहा था और सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने पिछले एक साल से अपने सोने-चांदी के जेवर प्रकाश के पास रखे हुए थे। कमजोर आर्थिक स्थिति से जूझ रहे इस परिवार के लिए यह आभूषण बुरे वक्त का एकमात्र सहारा थे। इस चोरी के कारण परिवार पर गंभीर आर्थिक संकट मंडराने लगा है। फिलहाल मांडव थाना पुलिस मामले की जांच कर अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

