अलमारी और बिस्तरपेटी की तलाशी ली और माल लेकर हुए रफुचक्कर
धार। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने चोरी की एक वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने एक डॉक्टर के मकान को निशाना बनाते हुए घर में रखी नगदी और कीमती चांदी के सिक्के साफ कर दिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना 9 अगस्त शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2.00 बजे से रविवार सुबह 8.30 बजे के बीच की है। दत्तगली धारेश्वर मार्ग (मकान नंबर 01), धार निवासी 51 वर्षीय डॉ. राजेश (पिता बद्रीप्रसाद मिश्रा) के घर में अज्ञात बदमाश ने दरवाजे का नकूचा खोला और चुपचाप अंदर दाखिल हो गया। बदमाश ने घर के अंदर रखी अलमारी और बिस्तरपेटी की तलाशी ली और उसमें रखे 10,000 रुपये नकद तथा 2,000 रुपये मूल्य के 12 से 13 चांदी के सिक्के चुराकर फरार हो गया। सुबह घटना का पता चलने पर फरियादी डॉ. राजेश ने तत्काल थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने रविवार को दोपहर 12.13 बजे धारा 331(4) और 305(a) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया।
रिहाइशी इलाके में हुई इस चोरी की घटना के बाद स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है। कोतवाली पुलिस अब आसपास के क्षेत्र में अज्ञात आरोपी की सुरागकशी में जुट गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
