परिचित के एक्सीडेंट का झूठा नाटक रचकर स्कैनर से ऐंठे रुपये
धार। जिले के शासकीय उर्दू हाई स्कूल (पट्टा चौपाटी) में पदस्थ एक 50 वर्षीय महिला कर्मचारी साइबर ठगों की शातिराना साजिश का शिकार हो गईं। बेखौफ ठगों ने पीड़िता की परिचित महिला के एक्सीडेंट का झूठा नाटक रचकर भावनात्मक रूप से गुमराह किया और क्यूआर कोड के जरिए अलग-अलग किश्तों में कुल 70 हजार रुपये की चपत लगा दी। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पट्टा चौपाटी स्थित शासकीय उर्दू हाई स्कूल में कार्यरत मोनिका यादव (50) को 8 और 9 अगस्त के बीच एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को पीड़िता की परिचित ‘उषा’ की बहन ‘पप्पी’ बताया। आरोपी ने घबराई हुई आवाज में दावा किया कि उषा का गंभीर एक्सीडेंट हो गया है और उसे इलाज के लिए तुरंत पैसों की सख्त जरूरत है।
परिचित की जान बचाने की जल्दबाजी में पीड़िता ठगों के जाल में फंस गईं। इसके बाद जालसाजों ने अलग-अलग व्हाट्सएप नंबरों से क्यूआर कोड (स्कैनर) भेजे। मोनिका यादव से पहले 14 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए गए, फिर ऐन वक्त पर एक्सीडेंट और ऑपरेशन का बहाना बनाकर 16 हजार, 22 हजार, 8 हजार और अंत में 10 हजार रुपये और मंगा लिए गए। इस तरह शातिर ठगों ने पीड़िता से कुल 70,000 रुपये ऐंठ लिए।
बाद में जब पीड़िता को अपने स्तर पर धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तो उन्होंने परिजनों के साथ मिलकर 12 अगस्त को धार के कोतवाली थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर संबंधित मोबाइल नंबरों और बैंक खातों (क्यूआर कोड) की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
