Headlines

गंधवानी बालिका छात्रावास की वार्डन मीना सुतार निलंबित

कलेक्टर ने जांच रिपोर्ट के बाद की सख्त कार्रवाई

​धार। जिले के गंधवानी विकासखंड स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास केशवी की अस्थायी वार्डन मीना सुतार को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही और छात्राओं से दुर्व्यवहार के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। 21 अगस्त को कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने जांच दल की रिपोर्ट और साक्ष्यों के परीक्षण के आधार पर यह निलंबन आदेश जारी किया।

​जांच प्रतिवेदन के अनुसार, मूल रूप से शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय केशवी में प्राथमिक शिक्षक के पद पर पदस्थ मीना सुतार पर छात्रावास से गैरहाजिर रहने, पदीय दायित्वों में लापरवाही बरतने और छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप थे। जांच दल ने संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए और साक्ष्यों की जांच की। वार्डन को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया जा सका।

​मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1965 के नियम 3(ए) के उल्लंघन के तहत उनकी प्रतिनियुक्ति तत्काल समाप्त कर दी गई है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय गंधवानी निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

​प्रशासन द्वारा की गई इस त्वरित और कड़ी कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और अनुशासन के साथ किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *