Headlines

धार जिले में बेखौफ लुटेरे : डही में अनाज लेने जा रहे युवक से बाइक-मोबाइल लूटा

बाग में कलेक्शन एजेंट से 65 हजार व बाइक छीनी

धार। जिले के डही और बाग थाना क्षेत्रों में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीण सड़कों पर राह चलते लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह सक्रिय नजर आ रहे हैं। महज चौबीस घंटे के अंतराल में अज्ञात बदमाशों ने दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर न सिर्फ राहगीरों में खौफ पैदा कर दिया, बल्कि नकदी, मोबाइल और दो मोटरसाइकिलें लूटकर आसानी से फरार हो गए।

पहली वारदात डही थाना क्षेत्र में 9 सितंबर बुधवार की शाम करीब 7 बजे घटी, जहां कातरखेड़ा निवासी 28 वर्षीय कैलाश बामनिया अपनी मोटरसाइकिल से अनाज लेने जा रहे थे। घाणा मंदिर के पास साकड़पुरा रोड पर दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोका, मोबाइल छीना और डरा-धमकाकर बाइक से नीचे उतार दिया। इसी बीच मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन आता देख आरोपी कैलाश की 70 हजार रुपये कीमत की होंडा शाइन बाइक (MP11ZG8065) और 5 हजार रुपये का टेक्नो मोबाइल लूटकर भाग निकले।

वहीं दूसरी वारदात बाग थाना क्षेत्र के ग्राम लोंगसरी (खारपुरा) में 10 सितंबर गुरुवार की दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। आष्टा (सीहोर) निवासी 31 वर्षीय चैतन ठाकुर, जो वर्तमान में मनावर में रहकर समूह कलेक्शन का काम करते हैं, अपने साथी रघुवीर मेवाड़ा के साथ डेहरी क्षेत्र से वसूली कर लौट रहे थे। कैलाश सोलंकी के घर के पास दो बाइकों पर सवार होकर आए चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उनसे समूह वसूली के 65,000 रुपये नकद व 30,000 रुपये कीमत की पुरानी पल्सर बाइक (MP37ZD9515) लूट ली।

दोनों ही मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत लूट का प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीण अंचलों और लिंक रोड पर लगातार हो रही इन वारदातों से स्थानीय रहवासियों, व्यापारियों और फाइनेंस कंपनी के फील्ड कर्मचारियों में भय का माहौल है। पुलिस के सामने अब अज्ञात गिरोहों की पहचान कर लूटा गया मशरूका बरामद करने और इन मार्गों पर गश्त बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की कड़ी चुनौती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *