Headlines

फर्जी सीआईडी बन वर्दी का फोटो दिखाकर बुजुर्ग से ठगी

सोने की चेन और अंगूठी उतरवाई, थमा दी नकली जेवरों की पुड़िया

धार। खुद को सीआईडी अधिकारी बताकर और खाकी का रौब दिखाकर बुजुर्गों को निशाना बनाने वाले गिरोह ने एक बार फिर शहर में सनसनी फैला दी है। नकली पुलिस की वर्दी में फोटो दिखाने और चाकूबाजी व जुर्माने का डर दिखाकर तीन अज्ञात शातिरों ने 66 वर्षीय बुजुर्ग को विश्वास में लिया और उनके असली सोने के जेवर लेकर नकली आभूषणों की पुड़िया थमा दी।

घटना 22 सितंबर मंगलवार की सुबह करीब 7:35 बजे नरटोडी चौराहा के पास मेन रोड, राजगढ़ पर हुई। जमाई कॉलोनी निवासी 66 वर्षीय सरदार सिंह सोलंकी बस स्टैंड से फूलमाला लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचे और खुद को सीआईडी पुलिस बताया। आरोपियों ने मोबाइल में पुलिस वर्दी वाली फोटो दिखाकर बुजुर्ग से कहा कि क्षेत्र में चाकूबाजी हुई है और सोना-चांदी पहनकर घूमने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना तय किया गया है।

इसी बीच एक तीसरा अज्ञात युवक दूसरी मोटरसाइकिल से पहुंचा और उसने विश्वास दिलाने के लिए अपनी चेन उन फर्जी अफसरों को सौंप दी और वहां से निकल गया। तीसरे व्यक्ति को चेन देते देख बुजुर्ग भी झांसे में आ गए। आरोपियों ने सरदार सिंह से उनकी सोने की चेन और सोने की अंगूठी उतरवा ली। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें एक पुड़िया थमाई और कहा कि इसमें उनके गहने सुरक्षित हैं, फिर दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से भाग निकले। जब सरदार सिंह ने पुड़िया खोली, तो उसमें सोने जैसी दिखने वाली आर्टिफिशियल चेन और चांदी जैसी धातु की रिंग निकली।

पीड़ित की शिकायत पर राजगढ़ थाना पुलिस ने 22 सितंबर को दोपहर 12:17 बजे अज्ञात तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता  की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शहर के मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस नरटोडी चौराहा और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अंतरराज्यीय या स्थानीय ‘नकली पुलिस’ गिरोह के इन बदमाशों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *