अस्पताल से लौटने के बाद आरोपी रोहित पटेल पर संगीन धाराओं में प्रकरण दर्ज
धार। पड़ोस में रहने वाले एक युवक की लगातार प्रताड़ना, अश्लील फब्तियों और जान से मारने की धमकियों ने एक स्कूली छात्रा को इस कदर खौफजदा कर दिया कि उसने अपनी जान देने की नीयत से घर की छत से छलांग लगा दी। गंभीर हालत में अस्पताल में चले उपचार के बाद ठीक होकर लौटी पीड़िता ने सेक्टर 1 थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
यह सनसनीखेज मामला औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के इंडस टाउन फेज-2 का है। पीड़िता के अनुसार, उसके घर के सामने रहने वाला किराएदार रोहित पटेल 15 अगस्त से 20 सितंबर के बीच स्कूल या बाहर आते-जाते समय लगातार बुरी नीयत से उसका पीछा कर रहा था और अश्लील टिप्पणियां करता था। विरोध करने पर आरोपी ने परिवार को बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देकर उसका मुंह बंद करा दिया था। लगातार जारी इस उत्पीड़न से तंग आकर 20 सितंबर की रात छात्रा ने अपने ही घर की छत से नीचे छलांग लगा दी।
हादसे के तुरंत बाद परिजन घायल छात्रा को पहले हेल्थ केयर अस्पताल पीथमपुर और फिर बेहतर उपचार के लिए मेवाड़ अस्पताल महू ले गए। पीड़िता के स्वस्थ होकर थाने पहुंचने पर पुलिस ने 22 सितंबर को आरोपी रोहित पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2), 78(2), 79, 351(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 11(i)/12 व 11(iv)/12 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
नाबालिगों के साथ बढ़ते पीछा करने (स्टॉकिंग) और मानसिक उत्पीड़न के मामलों के बीच इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में रहने वाले किराएदारों के पुलिस सत्यापन और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
