Headlines

तीन मौतों और चक्काजाम के बाद जागा प्रशासन : लेबड़-नयागांव फोरलेन के पिटगारा तिराहे पर शुरू हुए सुरक्षा कार्य

दो चरणों में बन रहे स्पीड ब्रेकर, पीली पट्टी से सतर्क होंगे चालक

धार। एक हंसते-खेलते परिवार की दर्दनाक मौत और सड़क पर फूटे जनाक्रोश के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आ गया है। लेबड़-नयागांव फोरलेन के जानलेवा साबित हो रहे पिटगारा तिराहे पर वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार को थामने के लिए पुख्ता सुरक्षा उपाय युद्धस्तर पर शुरू कर दिए गए हैं।

गत शनिवार को लेबड़-नयागांव फोरलेन स्थित पिटगारा तिराहे पर बड़ा कठोड़िया निवासी राहुल, उनकी पत्नी पूजा और 14 वर्षीय बेटी सुमन की बाइक दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई थी। इस भीषण हादसे के विरोध में ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने फोरलेन पर करीब ढाई घंटे तक चक्काजाम कर दिया था। इसके बाद एसडीएम प्रियंका मिमरोट ने एमपीआरडीसी और सड़क निर्माण कंपनी के अधिकारियों को तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए। तहसीलदार सुरेश नागर के अनुसार, प्रशासनिक दखल के बाद टोल और निर्माण कंपनी ने मौके पर काम शुरू कर दिया है।

तिराहे पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए दो चरणों में सुरक्षा चक्र तैयार किया जा रहा है। पहले चरण में सड़क पर बड़े रबर के स्पीड ब्रेकर लगाए गए हैं, जबकि थोड़ी दूरी पर दूसरे चरण के तहत सीमेंट-कांक्रीट के स्पीड ब्रेकर बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही वाहन चालकों को आगे तिराहा होने की पूर्व चेतावनी देने के लिए सड़क पर गहरे पीले रंग की पट्टियां डाली जा रही हैं।

जनपद सदस्य विलम सुनील चौहान सहित स्थानीय नागरिकों ने सड़क किनारे क्षतिग्रस्त लोहे के डिवाइडर को दुरुस्त करने, तिराहे से आधा किलोमीटर पहले बड़े संकेतक बोर्ड लगाने और ट्रैफिक लाइट लगाने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि तिराहे से कृषि उपज और सब्जियों के वाहनों की भारी आवाजाही रहती है, जिससे क्रॉसिंग पर हमेशा खतरा बना रहता है। बदनावर की बड़ी चौपाटी पर भी ऐसे ही इंतजाम की मांग करते हुए लोगों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन को हादसों के बाद जागने के बजाय संवेदनशील क्षेत्रों में पहले से ही सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *