Headlines

धार : पंचायत चुनाव की रंजिश में बुजुर्ग पर तलवार से जानलेवा हमला, सिर पर किए ताबड़तोड़ 5-6 वार

लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े, घटना के बाद इलाके में सनसनी

धरमपुरी थाने में बीएनएस की वि​भिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज

धार। पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश ने नया उमरिया में उस वक्त खूनी रूप ले लिया, जब गांव के मंत्री का समर्थन करने की बात पर एक युवक ने बुजुर्ग पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने जान से मारने की नीयत से बुजुर्ग के सिर पर एक के बाद एक कई वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

यह वारदात मंगलवार (06 अक्टूबर) दोपहर करीब 2:30 बजे जुनी उमरिया स्थित मिथुन की पंचर दुकान के सामने हुई। फरियादी अंकुर उर्फ गोलू जायसवाल (26 वर्ष, निवासी नया उमरिया) के अनुसार, आरोपी रघु मंडलोई (पिता बापू सिंह मंडलोई, निवासी नया उमरिया) ने उनके समधी अमीचंद जायसवाल (60 वर्ष, पिता मेवालाल जायसवाल, निवासी उमरिया) को निशाना बनाया। आरोपी पंचायत चुनाव के दौरान गांव के मंत्री का समर्थन करने को लेकर रंजिश पाले हुए था। इसी बात पर हुए विवाद में रघु ने तलवार निकालकर अमीचंद के सिर पर सामने की ओर 5 से 6 बार ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने धरमपुरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रात 11:10 बजे आरोपी रघु मंडलोई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। चुनावी रंजिश के चलते दिनदहाड़े हुए इस खूनी हमले के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस मामले की अग्रिम वैधानिक जांच और आरोपी की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *