Headlines

धार में कमर में पिस्टल खोंसे घूम रहा गंजीखाना निवासी युवक धराया

तलाशी में देशी पिस्टल में 32 बोर के 3 जिंदा कारतूस मिले लोड

कोतवाली थाने में 25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज

धार। सड़क पर देर रात हथियारों की नुमाइश करने वालों पर धार पुलिस ने सख्त शिकंजा कसा है। इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर कमर में अवैध हथियार छिपाकर घूम रहे एक शख्स की चालाकी उस वक्त धरी रह गई, जब पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से न केवल देशी पिस्टल बल्कि तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।

यह कार्रवाई थाना कोतवाली धार की टीम ने 7 अक्टूबर बुधवार की रात करीब 9:32 बजे अंजाम दी। पुलिस को मुखबिर तंत्र और गश्त के दौरान भक्तांबर मंदिर के पास इंदौर-अहमदाबाद रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति के मौजूद होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जब गंजीखाना, धार निवासी 38 वर्षीय सुमित (पिता राजेंद्र उर्फ राजू बिलवाल) की तलाशी ली गई, तो उसकी कमर के बाएं हिस्से में सिल्वर/सफेद रंग की एक देशी हस्तनिर्मित 32 बोर की पिस्टल खुंसी मिली। पंचों के सामने जब हथियार की जांच की गई, तो उसमें 32 बोर के 3 जिंदा कारतूस भी लोड पाए गए।

हथियार और कारतूस रखने के संबंध में जब आरोपी से वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने करीब 30 हजार रुपये मूल्य की अवैध देशी पिस्टल और तीनों कारतूसों को विधिवत जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ रात 11:39 बजे धारा 25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे हिरासत में लिया गया।

शहर के मुख्य मार्ग पर इस तरह अवैध हथियारों के साथ संदिग्धों की आवाजाही कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनती रही है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल में जुटी है कि आरोपी यह देशी पिस्टल कहां से और किस इरादे से लेकर आया था, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियारों के नेटवर्क और सप्लाई चेन तक पहुंचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *