Headlines

जनविश्वास शिविर को जिला कांग्रेस अध्यक्ष जोशी ने बताया दिखावा

बोले-धरातल पर योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा

धार। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित जिला स्तरीय शिविर में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने मीडिया से चर्चा के दौरान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने शिविर को सरकार और जनता के बीच संवाद के नाम पर महज औपचारिकता बताते हुए आरोप लगाया कि सरकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर अपेक्षित लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच रहा है।

जोशी ने कहा कि शिविर में धार कलेक्टर, इंदौर संभाग के कमिश्नर, शासकीय अधिकारी, भाजपा नेता और हितग्राही मौजूद थे। इसके बावजूद ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, पेंशन और अतिक्रमण जैसी समस्याएं सामने रखीं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग द्वारा करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद अनेक गांवों में पानी की टंकियां तो बनी हैं, लेकिन पानी उपलब्ध नहीं है। कहीं पाइपलाइन होने के बावजूद नलों में टोटियां नहीं हैं, तो कहीं नियमित जलापूर्ति की समस्या बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

स्वतंत्र जोशी ने कहा कि सरकार एक ओर अपनी योजनाओं की उपलब्धियां गिना रही है, वहीं दूसरी ओर शिविर में हितग्राही उन्हीं योजनाओं से जुड़ी समस्याओं की शिकायत करते दिखाई दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि शिविर में लोगों की समस्याएं सामने आने के बावजूद जमीनी हकीकत सरकारी दावों से अलग नजर आई।

जोशी ने कहा कि जनता के सामने मौजूद समस्याएं सरकार के दावों पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता इन मुद्दों पर आगामी चुनाव में भाजपा सरकार को जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *