Headlines

धार के गुणावद में होटल पर चाकूबाजी में युवक की मौत, दो घायल

गांव में भारी पुलिस बल तैनात, तनाव के बीच एक आरोपी हिरासत में

धार। एक ढाबे पर चल रही बातचीत अचानक खूनी संघर्ष में बदल गई और कुछ ही मिनटों में चीख-पुकार के बीच चाकू निकल आए। धार जिले के ग्राम गुणावद में बीती रात हुए एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 24 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया है।

घटना सादलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गुणावद स्थित तिरुपति होटल की है। बीती रात करीब 10:30 बजे नियामतखेड़ी निवासी 24 वर्षीय विकास पिता तेजकरण बलाई और गुणावद निवासी सद्दाम उर्फ गोलू पिता इकबाल के बीच किसी बात को लेकर तात्कालिक विवाद शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, विवाद के समय सभी लोग शराब के नशे में थे। तू-तू मैं-मैं से शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते चाकूबाजी में तब्दील हो गया। हमले में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत धार अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं झगड़े में बीच-बचाव व संघर्ष के दौरान गुणावद निवासी सुनील सबनेर (38) और पीपल्दा निवासी बलराम मालवीय (35) भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार धार के भोज अस्पताल में जारी है।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी इमरान (पिता इकबाल) को हिरासत में ले लिया है, जबकि मामले से जुड़े दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम होटल कर्मियों और आसपास के चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। हालांकि, विकास पर जानलेवा वार किसने किया और मुख्य हमलावर कौन था, इसकी सटीक पुष्टि के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए डीआरपी लाइन धार और आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल गुणावद भेजा गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर और बदनावर एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर स्वयं मौके पर डेरा डाले हुए हैं। आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी प्राथमिकता है, जिसके चलते पूरे गांव में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस इस खूनी वारदात के पीछे शराब के नशे में तात्कालिक विवाद के साथ-साथ पुरानी रंजिश के पहलू को भी जोड़कर देख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *