Headlines

चाकूबाजी में युवक की मौत : इंदौर-अहमदाबाद हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम

आरोपियों के घर बुलडोजर चलाने और जुलूस निकालने की मांग

हाईवे पर भड़का आक्रोश, मां बोली- ‘खून के बदले खून चाहिए’

धार। एक तरफ सड़क पर रखा शव, दूसरी तरफ बिलखती मां और न्याय की मांग को लेकर गूंजते आक्रोशित नारे—धार जिले में एक युवक की चाकूबाजी में हुई हत्या ने पूरे इलाके में तनाव पैदा कर दिया। गुस्साए परिजनों और समाज के लोगों ने इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन को जाम कर दिया, जिससे वाहनों के पहिए थम गए और पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।

घटना धार जिले के सादलपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गुणावद की है। गुरुवार देर रात तिरुपति होटल पर हुए एक खूनी विवाद के दौरान चाकूबाजी हुई, जिसमें विकास कायस्त नामक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम कराकर लौटे आक्रोशित परिजनों और समाजजनों ने शव को इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर रखकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उनके मकानों पर बुलडोजर चलाया जाए।

हाईवे पर जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एएसपी विजय डावर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। पुलिस ने मामले में अब तक एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश में जांच जारी है।

बेटे को खो चुकी विकास की मां शांता का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने अपना दर्द और गुस्सा जाहिर करते हुए कहा, “आरोपियों का मकान तोड़कर उस जमीन पर भगवान का मंदिर बना दो। छह लोगों ने मिलकर मेरे बेटे को बेरहमी से मारा है, उन्हें फांसी दी जाए। मुझे खून के बदले खून चाहिए और उन आरोपियों का गांव में जुलूस निकाला जाए।”

इस पूरे मामले ने अब एक गरीब परिवार के सामने आजीविका और भविष्य का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। मां शांता के अनुसार, परिवार के पास कोई निजी जमीन नहीं है और उनका छोटा बेटा विकास खेती-मजदूरी कर सबका सहारा बना हुआ था। हाल ही में विवाहित विकास की असमय मौत से उसकी पत्नी और पूरे परिवार का भविष्य अंधकार में घिर गया है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन परिजनों की मांगों पर क्या कानूनी कार्रवाई करता है और इलाके में कानून-व्यवस्था व तनाव को शांत करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

​”सादलपुर थाना क्षेत्र में विवाद के दौरान चाकूबाजी में विकास की मौत हो गई, जबकि दो घायल सामान्य उपचाररत हैं। मुख्य आरोपी ‘गोलू’ को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों की आशंका पर अन्य संदिग्धों की जांच और बयान दर्ज किए जा रहे हैं; संलिप्तता मिलने पर उन पर भी कार्रवाई होगी। ग्रामीणों की मांग पर अवैध गतिविधियों और ढाबों पर 3 दिन में वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त करा दिया गया है और स्थिति पूरी तरह सामान्य है।”

— विजय डावर, एएसपी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *