7 दमकलों ने पाया काबू, सुरक्षा के मद्देनजर सड़कें सील
धार। औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के आसमान में शनिवार की सुबह अचानक काले धुएं के ऊंचे गुबार उठते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अल्पा इंडस्ट्रीज के स्क्रैप गोदाम में अचानक भड़की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की इकाइयों को भी खतरे में डाल दिया। घटना की गंभीरता को भांपते हुए राहत-बचाव दल ने मोर्चा संभाला और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे पीथमपुर के सेक्टर-3 स्थित अल्पा इंडस्ट्रीज के स्क्रैप गोदाम में यह हादसा हुआ। आग तेजी से फैलते हुए नजदीकी कंपनियों तक जा पहुंची, जिसके बाद पुलिस, प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। महू समेत आसपास की औद्योगिक इकाइयों से बुलाए गए सात दमकल वाहनों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण स्थापित किया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
सुरक्षा के लिहाज से पीथमपुर क्षेत्र के तीनों थानों के पुलिस बल ने घटनास्थल की ओर जाने वाली सड़कों को पूरी तरह सील कर दिया, जिससे राहत और बचाव कार्यों में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
पीथमपुर थाना प्रभारी सुनील शर्मा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। कंपनी की ओर से हुए वित्तीय नुकसान का आधिकारिक आकलन होना अभी बाकी है। मामले की विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के मूल कारणों की पुष्टि हो सकेगी, जिसके आधार पर औद्योगिक क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा और विद्युत मानकों की समीक्षा किए जाने की संभावना है।
