एसपी सचिन शर्मा ने दो पुलिस आश्रितों को सौंपे नियुक्ति आदेश
धार। कर्तव्य की राह पर जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों के आंसू पोंछने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में धार पुलिस ने एक संवेदनशील कदम उठाया है। अपनों को खोने के गहरे सदमे से जूझ रहे दो परिवारों को उस वक्त बड़ा सहारा मिला, जब पुलिस प्रशासन ने उनके घर के चिरागों को विभाग में सेवा का अवसर देकर उनके भविष्य की राह आसान कर दी।
धार जिला मुख्यालय पर पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने दिवंगत पुलिस कर्मचारियों के दो आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करते हुए विधिवत नियुक्ति आदेश जारी किए। जारी आदेश के तहत दिवंगत आरक्षक (क्रमांक 291) मुकेश चौहान के पुत्र लवित चौहान को बाल आरक्षक तथा दिवंगत प्रधान आरक्षक (क्रमांक 636) तुलसीराम डावर के पुत्र राहुल डावर को आरक्षक (जीडी) के पद पर नियुक्त किया गया है।
प्रशासनिक स्तर पर दोनों प्रकरणों में प्राप्त आवेदन पत्रों और आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच व सत्यापन कराया गया। निर्धारित नियमानुसार सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने और पात्रता की पुष्टि के बाद ही एसपी कार्यालय से यह आदेश जारी किए गए।
इस निर्णय से दोनों पीड़ित परिवारों को न केवल त्वरित आर्थिक संबल प्राप्त होगा, बल्कि आश्रितों को सुरक्षित रोजगार मिलने से उनका भविष्य भी आश्वस्त होगा। धार पुलिस की यह पहल यह संदेश देती है कि विभाग अपने दिवंगत साथियों के योगदान को कभी नहीं भूलता और संकट की घड़ी में उनके परिजनों के कल्याण तथा हरसंभव सहायता के लिए सदैव तत्पर रहता है।
