Headlines

धार में एमजी रोड की दुकान में घुसकर व्यापारी पर हमला : गाली-गलौज कर ईंट-पत्थरों से पीटा

व्यापारी को लहूलुहान कर कैमरे व शोकेस तोड़े, एक ही परिवार के चार लोगों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज

धार। शहर के व्यस्त एमजी रोड पर शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दबंगों ने एक कपड़े की दुकान को निशाना बनाते हुए जमकर उत्पात मचाया। बाहर से गालियां और ईंट-पत्थर बरसाने के बाद हमलावर दुकान के भीतर जा घुसे और दुकानदार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दुकानदार लहूलुहान हो गया, वहीं दुकान के कीमती शोकेस, टफन ग्लास और सुरक्षा कैमरे चकनाचूर हो गए।

घटना 9 अक्टूबर शुक्रवार की शाम करीब 4:30 बजे थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत राजवाड़ा स्थित ‘शिव वस्त्रालय’ की है। फरियादी व्यापारी के अनुसार, राजवाड़ा निवासी एक ही परिवार के चार लोग विक्की उर्फ आकाश, प्रतीक, राजा और उनकी मां रूपमति (सभी दिवंगत संतोष जायसवाल के परिजन) अचानक दुकान के सामने पहुंचे और अभद्र गालियां देते हुए ईंट-पत्थर फेंकने लगे। इसके बाद विक्की, प्रतीक और राजा दुकान के भीतर घुस गए और दुकानदार के साथ ईंट-पत्थरों से मारपीट शुरू कर दी। प्रतीक ने दुकानदार के सिर, बाईं आंख और कान के पिछले हिस्से पर नुकीली वस्तु से वार किया, जबकि रूपमति द्वारा फेंकी गई ईंट से दुकानदार की दाहिनी कोहनी और कलाई में चोटें आईं। आरोपियों ने दुकान के टफन ग्लास, शोकेस और सीसीटीवी के डीवीआर तोड़ डाले तथा जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर आपबीती दर्ज कराई। पुलिस ने देर रात 10:37 बजे त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों विक्की उर्फ आकाश, प्रतीक, राजा और रूपमति जायसवाल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 115(2), 333, 324(4), 351(3) और 3(5) के तहत गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है।

व्यस्ततम बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास के अन्य सीसीटीवी फुटेज जुटा रही है और आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं, ताकि बाजार क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और व्यापारियों का भरोसा बहाल किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *