Headlines

नागदा फाटा पर कार्रवाई : अवैध बबूल की लकड़ी से भरा आयशर वाहन जब्त, ढाबे पर खपाने की थी तैयारी

बेरछा से लकड़ी भरकर मुसावदा ढाबे ले जा रहा था आरोपी चालक

धार। वन मंडल धार की टीम ने रात के अंधेरे में अवैध लकड़ी के परिवहन पर बड़ा प्रहार किया है। रात्रि गश्त के दौरान वन विभाग ने नागदा फाटा पर चेकिंग करते हुए ताजे कटे बबूल की लकड़ी से भरे एक आयशर वाहन को पकड़ा है। चालक के पास लकड़ी के परिवहन से जुड़ा कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला, जिसके बाद विभाग ने वाहन सहित लकड़ी को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

​नागदा फाटा पर इंदौर की ओर जा रहा था वाहन

वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रभुराम मुछाला ने बताया कि डीएफओ और एसडीओ के मार्गदर्शन में वन अमला क्षेत्र में रात्रि गश्त पर तैनात था। इसी दौरान नागदा फाटा के पास वाहनों की रूटीन चेकिंग की जा रही थी। तभी इंदौर की तरफ जा रहे संदिग्ध आयशर वाहन (क्रमांक MP13-ZG-2233) को टीम ने घेराबंदी कर रुकवाया।

​पूछताछ में खुला ढाबे पर डिलीवरी का खेल

तलाशी के दौरान वाहन में ताजे कटे हुए बबूल के जलाऊ गुटके ठसाठस भरे मिले। मौके पर चालक से परिवहन संबंधी रॉयल्टी या अन्य कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

​सख्ती से पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम मुंशी पिता नत्थू राम (निवासी सरवानीया, केसूर, तहसील धार) बताया। आरोपी ने कबूला कि वह यह लकड़ी बेरछा गांव के पास सड़क किनारे से भरकर मुसावदा स्थित एक ढाबे पर खपाने ले जा रहा था।

​प्रकरण दर्ज, जांच में जुटा अमला

अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर वन विभाग ने वाहन को तुरंत जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा के लिए रेशम केंद्र धार में खड़ा करवा दिया है। आरोपी के खिलाफ ‘मध्य प्रदेश अभिवहन वनोपज परिवहन नियम, 2022’ की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। वन अमला अब यह पता लगाने में जुटा है कि कटाई में और कौन-कौन से लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *