Headlines

खिड़की तोड़कर चोरी करने वाले तीन शातिर बदमाश धराए

धरमपुरी पुलिस ने किया 2 लाख की चोरी का खुलासा

धार। परिवार बीमार पिता का इलाज कराने इंदौर गया था, लेकिन पीछे सूने मकान की खिड़की तोड़कर चोरों ने जीवनभर की कमाई पर हाथ साफ कर दिया। धरमपुरी पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और 90 हजार रुपये नकद सहित कुल दो लाख रुपये का माल बरामद करने में सफलता हासिल की है।

​घटना 8 अक्टूबर की है। धरमपुरी के मक्का मोहल्ला निवासी 27 वर्षीय सोहेल खान सुबह करीब 9 बजे अपने परिवार के साथ पिता के इलाज के लिए इंदौर गए थे। रात करीब 11 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो घर की खिड़की टूटी मिली और अंदर अलमारी का लॉक टूटा पड़ा था, जिसमें से नकदी व सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। फरियादी की शिकायत पर धरमपुरी पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध क्रमांक 335/2026 दर्ज कर पड़ताल शुरू की।

​पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और प्रभारी एसडीओपी (मनावर) प्रदीप वाल्टर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सरदारसिंह सोलंकी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिर तंत्र और साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों ताहिर उर्फ लालु (23), आवेश उर्फ राजा (20) और फैजान उर्फ फैजु (22) को गिरफ्तार कर लिया।

​पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से 90,000 रुपए की नकद राशि और चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 2,00,000 रुपए आंकी गई है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक रवि वास्के, एएसआई रजाक खान, दिनेश सिसोदिया समेत पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही।

​त्योहारी सीजन और सूने मकानों को निशाना बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ धरमपुरी पुलिस का यह त्वरित कदम क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा का भरोसा मजबूत करेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *