‘राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन एवं मानव स्वास्थ्य कार्यक्रम’ के तहत संचालित क्लीनिक में 28 फरवरी तक मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
धार। बदलते मौसम के साथ हवा में घुलने वाले प्रदूषण के जहर से अब फेफड़ों को बचाना आसान होगा। सांस की तकलीफ, लगातार खांसी या सीने की जकड़न से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। जिला अस्पताल में अब सांस संबंधी बीमारियों की न केवल समय पर पहचान होगी, बल्कि मरीजों को तत्काल समुचित इलाज और परामर्श भी मुहैया कराया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश शासन के निर्देश और भारत सरकार के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय धार में 15 अक्टूबर से इस विशेष चेस्ट क्लीनिक की शुरुआत की गई है। ‘राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन एवं मानव स्वास्थ्य कार्यक्रम’ के तहत संचालित यह क्लीनिक 28 फरवरी 2027 तक नियमित रूप से सेवाएं देगी। यहां सभी आयु वर्ग के नागरिकों के लिए वायु प्रदूषण से जुड़ी बीमारियों की स्क्रीनिंग, जोखिम आकलन, सटीक निदान, आवश्यक दवाएं और नियमित फॉलोअप की पूरी व्यवस्था की गई है।
अस्पताल में आधुनिक जांच उपकरण और दवाएं तैयार
क्लीनिक में मरीजों की गंभीर स्थिति से निपटने और सटीक जांच के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां जरूरी दवाओं के साथ ऑक्सीजन सिलेंडर, नेबुलाइजर, पल्स ऑक्सीमीटर और फेफड़ों की कार्यक्षमता जांचने के लिए स्पाइरोमीटर जैसे उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्थिति के आधार पर मरीजों को आगे के उपचार के लिए जरूरी मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।

उपचार के साथ बचाव के तौर-तरीकों पर जोर
क्लीनिक में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को प्रदूषण से बचाव के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। स्वास्थ्य टीम लोगों को धूम्रपान छोड़ने, सुबह और देर शाम अधिक प्रदूषण के दौरान टहलने से बचने, घरों में गीला पोछा लगाने, कचरा व पराली न जलाने तथा स्वच्छ ईंधन (एलपीजी/बिजली) अपनाने की सलाह दे रही है। स्थिति के अनुसार लोगों को N-95 या N-99 मास्क के सही उपयोग की जानकारी भी दी जा रही है। इसके साथ ही बेहतर उपचार के लिए इस क्लीनिक को गैर-संचारी रोग नियंत्रण क्लीनिक (NCD), तंबाकू मुक्ति केंद्र और टीबी यूनिट से भी जोड़ा गया है।
सर्दियों के महीनों में हवा की गुणवत्ता बिगड़ने से सांस और दमे के रोगियों की संख्या में तेजी से इजाफा होता है। समय रहते शुरू की गई यह पहल आने वाले महीनों में प्रदूषण के गंभीर स्वास्थ्य खतरों को नियंत्रित करने, शुरुआती स्तर पर ही बीमारियों की पहचान कर फेफड़ों के स्थायी नुकसान को रोकने तथा आमजन को मौसमी प्रदूषण जनित बीमारियों से सुरक्षित रखने में बेहद कारगर साबित होगी।
