इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर पुलिस ने मारा छापा, 2.80 लाख का माल जब्त
धार। इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन स्थित एक होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पुलिस ने दबिश देकर कमरे से अवैध रूप से छिपाकर रखे गए पटाखों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया। सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर होटल के कमरे में बारूद का यह ढेर बिना किसी लाइसेंस और अग्निशमन व्यवस्था के जमा किया गया था, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
यह कार्रवाई राजगढ़ थाना पुलिस द्वारा 15 अक्टूबर की देर रात करीब 11:40 से 11:50 बजे के बीच की गई। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन स्थित वाली होटल पहुंची। यहां होटल के ऊपरी कमरे की तलाशी लेने पर अमोदिया निवासी 30 वर्षीय विकास सोलंकी (पिता मोहनलाल सोलंकी) मौजूद मिला। कमरे में कार्टन में भरी भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री (पटाखे) रखी हुई थी। जब आरोपी से भंडारण और बिक्री से जुड़ा वैध लाइसेंस मांगा गया, तो वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
तलाशी के दौरान कमरे अथवा होटल परिसर में आग से बचाव के लिए कोई अग्निशमन यंत्र, पानी या रेत तक की व्यवस्था नहीं पाई गई। पुलिस ने पंचों के समक्ष कुल 51 कार्टन पटाखे जब्त किए, जिनका कुल वजन 9 क्विंटल 60 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य करीब 2,80,000 रुपये आंका गया है। मामले में पुलिस ने 16 अक्टूबर को तड़के 4:16 बजे आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम 1984 की धारा 9बी(1)(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
त्योहारी सीजन से पहले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और रिहायशी ठिकानों पर अवैध पटाखों का इस तरह भंडारण जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकता है। पुलिस की इस मुस्तैदी से जहां फोरलेन पर स्थित होटल में संभावित अग्निहादसे का जोखिम टल गया, वहीं इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना अनुमति अवैध रूप से विस्फोटक जमा करने और कारोबार करने वालों पर निगरानी और सख्त होने की संभावना है।
