Headlines

सरदारपुर में पावागढ़ जा रही बोलेरो पलटी : डायल-112 की तत्परता से बची 10 श्रद्धालुओं की जान, 4 की हालत गंभीर

मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया सरदारपुर FRV-11 टीम ने

धार। आस्था के सफर पर निकले श्रद्धालुओं के लिए रविवार की रात एक भयानक मोड़ लेकर आई, लेकिन पुलिस की सतर्कता और त्वरित रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया। इंदौर से गुजरात के पावागढ़ महाकाली मंदिर दर्शन के लिए जा रहे यात्रियों से भरी बोलेरो सरदारपुर थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। डायल-112 टीम की तत्परता से वाहन में फंसे सभी 10 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

​घटना 18 अक्टूबर की देर रात करीब 01:42 बजे की है। इंदौर के ग्राम देवनलिया से 10 श्रद्धालु बोलेरो वाहन में सवार होकर पावागढ़ जा रहे थे, तभी सरदारपुर थाना क्षेत्र में वाहन अचानक सड़क पर पलट गया। सूचना मिलते ही सरदारपुर की डायल-112 फर्स्ट रिस्पॉन्स व्हीकल (FRV-11) तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन से सभी घायलों को बाहर निकाला, जिनमें चार लोगों की स्थिति गंभीर थी। सभी घायलों को बिना समय गंवाए तत्काल सरदारपुर के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

​दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों की पहचान ग्राम देवनलिया (इंदौर) निवासी प्रदीप (28), सजना (19), नरेंद्र (20), ऋतु (21), बीना (25), अंकिता (16), टीना (22), सोनू (22), पायल (20) और वाहन चालक अरुण कुमार (20) के रूप में हुई है।

​इस पूरे बचाव अभियान में सरदारपुर FRV-11 टीम के सैनिक ज़ालम सिंह डिडोड और पायलट विष्णु सिंगार ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया। रात के सन्नाटे में समय पर मिली चिकित्सकीय सहायता से गंभीर घायलों की जान बचाई जा सकी।

लंबी दूरी की धार्मिक यात्राओं के दौरान देर रात वाहन चलाने में बरती गई थोड़ी सी भी लापरवाही या झपकी अक्सर हादसों का कारण बनती है, ऐसे में आपातकालीन डायल-112 सेवा का त्वरित रिस्पॉन्स हाईवे और दूरदराज के क्षेत्रों में यात्रियों के लिए जीवन रक्षक साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *